कुशीनगर में एक हैरान करने वाली घटना में अधिवक्ता संघ के पूर्व अध्यक्ष की घर में जानलेवा हमले में मौत हो गई, आरोप उनके बड़े बेटे और बहू पर लगा है।
कुशीनगर के पडरौना कोतवाली क्षेत्र में अधिवक्ता संघ के पूर्व अध्यक्ष प्रसिद्ध नारायण दीक्षित अपने घर में गंभीर हालत में मिले। परिजनों के अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया, मृतक के चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। परिजनों ने बेटे-बहू पर मारपीट कर हत्या का आरोप लगाया है।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि पैसों के विवाद को लेकर उनके बड़े बेटे राघवेंद्र कुमार दीक्षित, बहू सावित्री देवी और पोतों ने मिलकर उनकी पिटाई की, जिससे उनकी मौत हो गई। उनके सिर, मुंह और कान से खून बहने लगा। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए गोरखपुर ले भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के मुताबिक बड़े बेटे राघवेंद्र दीक्षित बिजनेस के लिए अपने पिता से करीब दस लाख रुपए की मांग कर रहे थे। जिसे देने से उन्होंने इनकार कर दिया था। इसी को लेकर परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था। मृतक के छोटे बेटे अमरेंद्र कुमार के अनुसार, घटना के दिन दोनों भाइयों के बीच विवाद हो रहा था। इसी दौरान जब उनके पिता बीच-बचाव करने पहुंचे, तो बड़े बेटे और उसके बच्चों ने उन पर हमला कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है, घटना के बाद आरोपी मौके से फरार बताए जा रहे हैं।