
भदोही: गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में राजनीतिक परिवार से ताल्लुक रखने वाले एक शख्स ने अपनी लाइसेंसी राइफल से खुद को गोली मार कर आत्महत्या कर ली है। बताया जा रहा है कि मृतक राजेश कुमार सिंह उर्फ अन्नू शनिवार की सुबह वाराणसी से अपने पैतृक निवास सारीपुर गांव पहुंचे हुए थे और इस दौरान खुद को कमरे में बंद कर गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
जानकारी के मुताबिक, अन्नू सिंह का परिवार वाराणसी में रहता है और वाराणसी से ही वह सुबह करीब 11:30 बजे के आसपास अपने पैतृक निवास गोपीगंज के सारीपुर गांव पहुंचे थे। परिवार के लोगों ने बताया कि गांव में ईंट-भट्ठा और अन्य कामकाज की देखरेख के लिए वह वाराणसी से भदोही आते जाते रहते थे। बताया जा रहा है कि गांव पहुंचने के बाद अन्नू सिंह सीधे अपने मकान में दूसरी मंजिल पर बने कमरे में चले गए।
जानकारी के मुताबिक, कमरे में जाने के कुछ समय बाद उन्होंने अपने लाइसेंसी राइफल से खुद के सिर में गोली मार कर आत्महत्या कर ली। हालांकि, गोली चलने की आवाज घर में मौजूद नौकरों को सुनाई नहीं दी। कुछ देर बाद जब नौकर खाना लेकर उनके कमरे में पहुंचा तो वहां का मंजर देखकर सन्न रह गया। अनु सिंह का शव खून से लथपथ जमीन पर पड़ा हुआ था। नौकर ने इस घटना की जानकारी परिवार के अन्य सदस्यों को दी और आसपास के लोग जानकारी के बाद मौके पर पहुंचे।
घटना की जानकारी होने के बाद परिजन भी वाराणसी से गोपीगंज पहुंचे। इस दौरान मौके पर पुलिस भी पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर बारीकी से निरीक्षण कराया है। फिलहाल, पुलिस ने घटना में इस्तेमाल राइफल को कब्जे में ले लिया है और अन्नू सिंह के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
अन्नू सिंह के भाई संजय सिंह ने बताया कि अन्नू पिछले 3 वर्षों से मानसिक रूप से बीमार थे और उनका इलाज चल रहा था। हालांकि, पुलिस सभी एंगल से मामले की जांच में जुटी हुई है, ताकि घटना के पीछे की जानकारी सामने आ सके।
बताया जा रहा कि अन्नू एक प्रभावशाली राजनीतिक परिवार से संबंध रखते थे। उनके पिता स्वर्गीय ज्वाला सिंह और चाचा दिनेश सिंह ज्ञानपुर से ब्लॉक प्रमुख रह चुके हैं। अन्नू सिंह की भी राजनीति में रुचि थी और 2005 में काशी नरेश राजकीय महाविद्यालय से वह छात्र संघ का चुनाव भी लड़ चुके थे।
Published on:
04 Apr 2026 06:37 pm
बड़ी खबरें
View Allभदोही
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
