
अगर नियाज ने समय रहते सुन ली होती तो शायद डेढ़ दर्जन मासूमों की जिंदगियों को मौत निवाला न बनाती। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रोज की तरह गुरुवार को भी स्कूल वैन में बच्चों को लेकर ड्राइवर नियाज स्कूल जा रहा था। मानवरहित क्रासिंग पर पहुंचा तो आ रही ट्र्रेन का ध्यान दिए बगैर वैन को आगे बढ़ा दिया। लोग चिल्लाने लगे। महिलाएं चिल्ला-चिल्ला रोकने लगी। लेकिन चालक अपनी धुन में बढ़ता चला गया और एक झटके में कई परिवारों का सबकुछ छीन गया।
क्रासिंग के पास रहने वाले लालचंद बताते हैं कि सुबह का समय था। वह अपने दरवाजे पर ही बैठे थे। ट्रेन अपनी गति से आ रही थी। अचानक से बच्चों को लेकर एक स्कूली वैन भी आ गया। इधर ट्रेन आ रही थी, उधर बच्चों को लेकर वैन बढ़ रहा था। जो जहां से देखा चिल्लाकर रोकने लगा। लालचंद बताते हैं कि बच्चे भी चिल्लाने लगे। लेकिन तबतक शोर चीख-पुकार में बदल चुकी थी।
पास रहने वाले एक प्रत्यक्षदर्शी महिला बताती हैं कि वह जोर-जोर से चिल्लाने लगी। दौड़ती हुई रोकने की कोशिश की लेकिन सारी कोशिशें बेकार हो गईं। वह भोजपुरी में कहती हैं कि पार करल जाला त दुनु तरफ देख लिहल जाला। केहू के बाबू ह लोग। लेकिन उ बिना देखले ही बढ़ गइलेे हवन अउरी जबले कुछ समझते तबले...। यह कहते हुए महिला के मुख से बोल फूटने बंद हो जाते हैं। फिर संभालते हुए कहती हैं कि आंखी के सामने ही सब हो गईल। कई बेर इहां घटना भईल बा लेकिन अईसन पहली बेर। (कई बार ऐसी घटनाएं हुई हैं लेकिन ऐसा पहली बार हुआ।)
एक दूसरी महिला प्रत्यक्षदर्शी बताती हैं कि ट्रेनवा आवत रहल है ओही समय उ गाड़ी ढुका देहले हवन। लइका कुल बड़ी चिल्लात रहले, हमन लोग भी चिल्लात रहनी लेकिन केहू के नाही सुनले ह। (ट्रेन आ रही थी तभी ड्राइवर ने गाड़ी आगे बढ़ा दीं। बच्चे चिल्लाते रहे। हम लोग भी चिल्लाकर रोकने की कोशिश में लगे रहे। लेकिन उसने गाड़ी बढ़ा दी। किसी को उसने नहीं सुना।)