हादसास्थल से कुछ सौ मीटर दूर मकान बनवा रहे सुनील गौड़ बताते हैं कि वह मंजर जेहन से जाने का नाम नहीं ले रहा। जीवन में कभी ऐसा दृश्य नहीं देखा।
सुनील के जेहन में यूं ही वह हादसा घर नहीं कर गया है। कोई भी व्यक्ति उस मंजर को देख कुछ देर ही सही विचलित हो जाएगा। क्रासिंग के आसपास करीब दो सौ मीटर के दायरे में बिखरी किताबें, नन्हें-नन्हें पैरों से निकले जूते, रंग-बिरंगे स्कूल बैग भले ही धूल-धूसरित हो चुके थे लेकिन उनको देखकर सहज ही वह मंजर जेहन में कौंध जाए। मानों कह रहे कि अंकल, जरा संभलकर मेरी किताब आपके पैरों के नीचे न आ जाए। अंकल, मेरी बैग उठा दो।