
Lakhimpur School Shooting: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में सोमवार सुबह स्कूल के अंदर गोली चलने से महिला टीचर और एक युवक की मौत हो गई। कलेक्ट्रेट के सामने स्थित चिल्ड्रेन्स एकेडमी स्कूल में बच्चों की क्लास चल रही थी, तभी असलहा लेकर पहुंचे युवक ने महिला टीचर को गोली मार दी। इसके बाद उसने खुद को भी गोली मार ली। फायरिंग की आवाज सुनते ही स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्कूल खाली कराया और जांच शुरू कर दी।
घटना सुबह करीब 11:30 बजे की बताई जा रही है। शिक्षिका निशात फातिमा (26) स्कूल में बच्चों को पढ़ा रही थीं। इसी दौरान शहर कोतवाली के नौरंगाबाद निवासी सऊद अंसारी (28) असलहा लेकर स्कूल पहुंचा। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, उसने निशात फातिमा का हाथ पकड़ा और उन्हें क्लास से बाहर बरामदे में ले आया। दोनों के बीच कुछ देर कहासुनी हुई।
इसी दौरान सऊद ने अचानक असलहा निकालकर निशात फातिमा पर कई गोलियां चला दीं। गोली लगने के बाद वह जमीन पर गिर गईं। फायरिंग की आवाज सुनकर स्कूल में चीख-पुकार मच गई। बच्चे डरकर चिल्लाने लगे और स्टाफ भी मौके की तरफ दौड़ा। इसी बीच सऊद ने खुद को भी गोली मार ली।
गोलीकांड की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरी बिल्डिंग को खाली कराया। बच्चों के परिजनों को बुलाकर उन्हें घर भेज दिया गया। घटना के बाद स्कूल में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और लोगों के अंदर जाने पर रोक लगा दी गई है। एसपी ख्याति गर्ग, एएसपी पवन गौतम और सीओ सिटी विवेक तिवारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने स्कूल स्टाफ से पूछताछ कर घटना की जानकारी ली। फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है।
शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा होने की बात सामने आ रही है। निशात फातिमा हिदायत नगर की रहने वाली थीं, जबकि सऊद अंसारी नौरंगाबाद का निवासी बताया गया है। दोनों के मोहल्ले आसपास बताए जा रहे हैं। हालांकि वारदात की असली वजह पुलिस की जांच के बाद ही साफ होगी। पुलिस घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटा रही है और स्कूल स्टाफ से भी पूछताछ की जा रही है। फिलहाल स्कूल में पुलिस बल तैनात है।