पुलिस अधीक्षक पूनम के साथ बोर्ड परीक्षा 2020 की तैयारियों के सम्बन्ध में अत्यन्त महत्वपूर्ण बैठक की और बोर्ड परीक्षा से जुड़े समस्त अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए।
लखीमपुर-खीरी. सभागार में जिलाधिकारी शैलेन्द्र कुमार सिंह ने पुलिस अधीक्षक पूनम के साथ बोर्ड परीक्षा 2020 की तैयारियों के सम्बन्ध में अत्यन्त महत्वपूर्ण बैठक की और बोर्ड परीक्षा से जुड़े समस्त अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। इस बैठक में बोर्ड परीक्षा से जुड़े केन्द्र व्यवस्थापक, जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट, फ्लाइंग स्क्वायड के सभी सदस्य उपस्थित रहे।
जिला विद्यालय निरीक्षक डाॅ. आरके जायसवाल ने बताया कि जनपद में 128 विद्यालयों को परीक्षा केन्द्र बनाया गया है। इन परीक्षा केन्द्रों में समस्त आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली गई है। नकल विहीन परीक्षा सम्पन्न कराने के लिए नौ जोनल मजिस्ट्रेट व 15 सेक्टर मजिस्ट्रेट बनाए गए है। उन्होंने बताया कि जनपद में कुल 128 परीक्षा केन्द्रों में आठ परीक्षा केन्द्र संवेदनशील व दो परीक्षा केन्द्र अतिसंवेदनशील चिन्हित किए गए है। बोर्ड परीक्षा की शान्ति व्यवस्था को बनाए रखने के लिए संवेदनशील/अतिसंवेदनशील केन्द्रों पर उक्त के अतिरिक्त स्टैटिक मजिस्ट्रेट की भी तैनाती की गई है।
इसके साथ ही कहा कि परीक्षाओं को सुव्यवस्थित एवं सुचारू रूप से सम्पन्न कराने हेतु जनपद मुख्यालय पर जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। साथ ही कर्मचारियों की डयूटी पालीवार लगाई गई है। पांच सचल दलों का भी गठन किया गया है। परीक्षा सम्पन्न होने के पश्चात् उत्तरपुस्तिकाओं के अविलम्ब संकलन हेतु सात संकलन केन्द्र बनाए गए हैं। जनपद मुख्यालय पर बोर्ड परीक्षाओं से सम्बन्धित सूचना के त्वरित आदान प्रदान/जानकारी हेतु कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है। उन्होंने कहा कि परीक्षार्थी छात्रा की तलाशी किसी भी पुरूष द्वारा नहीं की जाएगी। परीक्षा के दौरान परीक्षा केन्द्रों की फोटोग्राफी आदि पूर्णतयः वर्जित रहेगी।
शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन सम्पन्न कराना प्रशासन की जिम्मेदारी
जिलाधिकारी शैलेन्द्र कुमार सिंह ने परीक्षा से जुड़ें समस्त अधिकारियों को निर्देश दिया कि इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। बोर्ड परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन सम्पन्न कराना प्रशासन के लिए अत्यन्त महत्वपूर्ण है। अतः हम सभी को इसके प्रति सतर्क रहना होगा। उन्होंने कहा कि सभी केन्द्र व्यवस्थापक अपने-अपने परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षा से पूर्व सभी सीसीटीवी कैमरें एवं आडियों रिकार्डिग हेतु लगे उपकरणों की जांच करा लें, ताकि परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। सभी केन्द्र व्यवस्थापक यह भी सुनिश्चित कर लें कि परीक्षा के दौरान परीक्षा कक्षों में डयूटी कर रहे अध्यापक आपस में भी बातचीत न करें। उन्होंने परीक्षा केन्द्रों पर पेयजल, विद्युत, शौचालय आदि की सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश सम्बन्धित को निर्देशित किया।
बैठक में ये लोग रहे मौजूद
पुलिस अधीक्षक पूनम ने कहा कि परीक्षा केन्द्रों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। किसी भी आपात स्थिति में सूचना मिलने पर त्वरित कार्यवाही की जायेगी। बैठक में अपर जिलाधिकारी अरूण कुमार सिंह, एसडीएम सदर डाॅ. अरूण कुमार सिंह, डायट प्रचार्य डाॅ. ओपी गुप्ता, डीआईओएस डाॅ. आरके जायसवाल, बीएसए बुद्धप्रिय सिंह, सहित बोर्ड परीक्षा से सम्बन्धित समस्त अधिकारी मौजूद रहे।