
डीएम पहुंचे बच्ची के घर, 'हेलो अंकल सड़क बनवा दो' वीडियो | फोटो सोर्स- patrika.com
Lakhimpur Kheri Viral Girl Video: कहते हैं ना कि अगर इरादे नेक हो और आवाज में सच्चाई, तो शासन-प्रशासन को भी झुकना पड़ता है। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला, जहां पहली कक्षा में पढ़ने वाली एक छोटी सी बच्ची की करूणा भरी पुकार ने जिले के सबसे बड़े अधिकारी यानी जिलाधिकारी को उसके दरवाजे तक खींच लिया।
लखीमपुर खीरी के सलेमपुर कोन इलाके में रहने वाली पहली कक्षा की छात्रा मानवी सिंह अपने घर के बाहर भरे पानी और कीचड़ से बहुत परेशान थी। उसे स्कूल जाने में हर रोज दिक्कत होती थी। जहां पर मानवी ने एक प्यारा सा वीडियो बनाया और कहा कि "हेलो डीएम अंकल, आप बहुत अच्छे हैं। प्लीज हमारी सड़क बनवा दीजिए, हमें आने-जाने में बहुत परेशानी होती है।"
जैसे ही यह वीडियो इंटरनेट पर फैला, हर कोई इस बच्ची की हिम्मत की तारीफ करने लगा।
सोशल मीडिया पर वीडियो के वायरल होते ही डीएम अंजनी कुमार सिंह ने इसका तत्काल संज्ञान लिया। वे न केवल मानवी के घर पहुंचे, बल्कि उसे दुलारते हुए पूरी समस्या भी सुनी। डीएम ने खुद अधिकारियों की टीम के साथ उस जर्जर सड़क का निरीक्षण किया जहां पानी भरा हुआ था।
डीएम ने कहा कि नई कॉलोनी होने की वजह से खड़ंजा नीचे धंस गया है, जिससे जलभराव हो रहा है। हमने निर्देश दे दिए हैं और जल्द ही यहां पक्की सड़क का निर्माण शुरू कराया जाएगा।
मानवी की इस हिम्मत की सोशल मीडिया पर जमकर तारीफ हो रही है। लोग कह रहे हैं कि जो काम बड़े नहीं कर पाए, वो एक नन्ही बच्ची ने कर दिखाया। हालांकि, इस मामले पर अब राजनीति भी शुरू हो गई है।
यूपी कांग्रेस ने X पर लिखा- "भाजपा सरकार के 'डिजिटल इंडिया' के दौर में 'कीचड़' से गुजर रहा है बचपन! लखीमपुर खीरी में एक मासूम बच्ची डीएम साहब से सड़क की गुहार लगा रही है ताकि वह स्कूल जा सके. मुख्यमंत्री जी, अगर थोड़ी सी भी शर्म बची हो, तो कम से कम इस बच्ची की पुकार को अनसुना मत कीजिएगा"।
डीएम के दौरे के बाद अब इलाके के लोगों में खुशी की लहर है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मानवी की एक छोटी सी कोशिश ने पूरे मोहल्ले की बड़ी समस्या का समाधान कर दिया है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि बहुत जल्द यह रास्ता अच्छा हो जाएगा और बच्चों को स्कूल के लिए कीचड़ वाली सड़क से होकर नहीं जाना पड़ेगा।
Updated on:
07 May 2026 06:19 pm
Published on:
07 May 2026 06:19 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
