
ललितपुर. उत्तर प्रदेश सरकार में श्रम सेवायोजन राज्य मंत्री और महरौनी विधानसभा से विधायक मनोहर लाल पंथ उर्फ मन्नू कोरी ने इंसानियत का परिचय दिया। उन्होंने ट्रैक्टर के नीचे आ जाने से दबे एक व्यक्ति को निकालकर अपनी गाड़ी से अस्पताल लेजाकर उसका इलाज करवाया। रविवार देर रात उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री मनोहर लाल पंथ अपने विधानसभा क्षेत्र महरौनी के कार्यक्रम से वापस लौट रहे थे। वह ग्राम पटसेमरा के निकट पहुंचे ही थे कि उन्होंने एक पलटी हुई ट्रैक्टर देखी। पास जाकर देखने पर ट्रैक्टर के नीचे दबा हुआ एक व्यक्ति दिखाई दिया। उन्होंने अपने साथ मौजूद व्यक्तियों और स्टाफ की मदद से उस व्यक्ति को बाहर निकालकर उसे जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया।
संतुलन बिगड़ने से पलटा ट्रैक्टर
दुर्घटना में घायल हुए व्यक्ति का नाम भजन सिंह ठाकुर (35) है। वह अपने ट्रैक्टर के कल्टीवेटर का पंजे पजवा कर वापस आ रहा था। कुछ दूर जाने पर संतुलन बिगड़ने से ट्रैक्टर पलट गया और भजन सिंह ट्रैक्टर के नीचे दब गए। रात 11 बजे क्षेत्र से लौटते हुए राज्य मंत्री घायल भजन सिंह को अपनी गाड़ी से जिला चिकित्सालय पहुंचाया।
ये भी पढ़ें:देशभर में डॉक्टरों की हड़ताल, मरीज हुए बेहाल