कॉर्पोरेट वर्ल्ड

अडानी ने 2021 में हरेक सेकंड में की 4 लाख से ज्यादा कमाई, जानिए कैसे

गौतम अडानी की कुल संपत्ति 2021 में 16.2 अरब डॉलर से बढ़कर 50 अरब डॉलर हुई अडानी समूह से जुड़ी कंपनियों के शेयरों ने महामारी के बीच पिछले साल में आई तेजी
2 min read
Mar 14, 2021
Adani earn more than 4 lakhs per second in 2021, know how
Adani earn more than 4 lakhs per second in 2021, know how

नई दिल्ली। अडानी समूह के अध्यक्ष गौतम अडानी ने कोविड-19 महामारी के बीच एक उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। भारत के उद्योगपति गौतम अडानी ने इस साल अपनी संपत्ति में विश्व में सबसे ज्यादा रुपए जोड़े हैं। विदेशी मीडिया रिपोर्ट के अनुसार गौतम अडानी की कुल संपत्ति 2021 में 16.2 अरब डॉलर से बढ़कर 50 अरब डॉलर हो गई है। इससे अडानी साल में सबसे ज्यादा कमाने वाले व्यक्ति बन गए हैं। खास बात तो ये है कि अगर इसे सेकंड में गणना करें तो अडानी ने इस साल करीब 70 दिनों में प्रति सेकंड हिसाब से 4 लाख रुपए के से ज्यादा कमाए हैं। मौजूदा समय में वो दुनिया के 26वें सबसे अमीर व्यक्ति बन चुके हैं।

प्रति सेकंड 4 लाख से ज्यादा
इस साल गौतम अडानी की संपत्ति में करीब 34 बिलियन डॉलर का इजाफा देखने को मिला है। अगर प्रत्येक सेकंड के हिसाब से कमाई की बात करें तो 4 लाख रुपए से ज्यादा बन रहा है। यानी गौतम अडानी ने 2021 में हरेक सेकंड में 4 लाख रुपए से ज्यादा की कमाई की है।

मस्क और बेजोस को भी छोड़ा पीछे
इस साल सबसे अधिक रुपये कमाने के साथ अडानी ने दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति जेफ बेजोस और एलन मस्क को भी पीछे छोड़ दिया है। जहां मस्क ने अब तक अपनी कुल संपत्ति में 10.3 अरब डॉलर जोड़े हैं, वहीं बेजोस की संपत्ति में 7.59 अरब की गिरावट देखी गई है।

कैसे हुई कमाई
यह खबर ऐसे समय पर सामने आई है, जब अडानी समूह हवाई अड्डों के कारोबार और डेटा केंद्रों सहित विविध क्षेत्रों में तेजी से अपने कदम बढ़ा रहा है। अडानी समूह से जुड़ी कई कंपनियों के शेयरों ने महामारी के बीच पिछले एक साल में वृद्धि दर्ज की है। पिछले एक साल में अडानी एंटरप्राइजेज के शेयरों में चार गुना से अधिक की वृद्धि हुई है।

किसकी संपत्ति में कितना इजाफा
गूगल के सह-संस्थापक लैरी पेज 14.3 अरब डॉलर की वृद्धि के साथ एक साल में सबसे अधिक धन जोडऩे के मामले में दूसरे स्थान पर है। अमेजन इंक के संस्थापक जेफ बेजोस 183 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ सबसे अमीर व्यक्ति हैं और इसके बाद एलन मस्क 180 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ दूसरे स्थान पर बने हुए हैं। रिलायंस इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष मुकेश अंबानी 84.8 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ दुनिया के 10वें सबसे अमीर व्यक्ति हैं। अब तक 2021 में उन्होंने 8.05 अरब डॉलर की संपत्ति जोड़ी है।

Published on:
14 Mar 2021 01:07 pm