कॉर्पोरेट वर्ल्ड

निवेशकों का पैसा डूबने पर जेट एयरवेज के चेयरमैन ने मांगी माफी, कहा- मैं शर्मिंदा हूं

बीते कई माह से जेट एयरवेज के शेयरों में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। इससे कंपनी के काफी शेयरधारकों का पैसा डूब चुका है। कंपनी की सालाना आम सभा में जेट एयरवेज के चेयरमैन नरेश गोयल ने पैसा डूबने पर निवेशकों से माफी मांगी है।
2 min read
• •
Updated: 10 Aug 2018, 10:59 AM IST
Jet Airways
निवेशकों का पैसा डूबने पर जेट एयरवेज के चेयरमैन ने मांगी माफी, कहा- मैं शर्मिंदा हूं

नई दिल्ली। भारी वित्तीय संकट का सामना रही निजी एयरलाइन जेट एयरवेज के संस्थापक और चेयरमैन नरेश गोयल ने निवेशकों का पैसा डूबने पर माफी मांगी है। वित्तीय संकट के कारण शेयरों में आई भारी गिरावट के बाद नरेश गोयल ने कहा है कि इस समय शेयरधारकों के पैसे डूबने से वह खुद को दोषी और शर्मिंदा मान रहे हैं। आपको बता दें कि जेट एयरवेज के शेयर इस समय अपने निम्नतम स्तर पर चल रहे हैं। बीते करीब एक माह में जेट एयरवेज के शेयरों में करीब 12 फीसदी तक की कमी हो गई है। गुरुवार को जेय एयरवेज के शेयर 52 सप्ताह के निचले स्तर 286.95 रुपए पर आ गए थे।

कंपनी की सालाना सभा में जताई शर्मिंदगी

बीते काफी समय से वित्तीय संकट से जूझने के बीच गुरुवार को जेट एयरवेज कंपनी की ओर से सालाना आम सभा का आयोजन किया गया। इस आम सभा में नरेश गोयल ने शेयरधारकों और कंपनी अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि मौजूदा समय में इस सेक्टर में प्रतियोगिता बढ़ रही है। साथ ही हवाई ईँधन महंगा हो रहा है। इस कारण संचालन में परेशानी हो रही है। गोयल ने कहा कि कंपनी की हालत खराब होने के कारण शेयरधारकों ने काफी पैसा गंवाया है। इसके लिए वह खुद को दोषी मानते हैं और शर्मिंदगी महसूस कर रहे हैं। आपको बता दें कि 5 जनवरी 2018 को 883.65 रुपए प्रति शेयर के मुकाबले अब तक जेट एयरवेज का शेयर 67.5 फीसदी गिरकर 286.95 रुपए पर आ गया है।

कंपनी के हालात सुधारने के लिए कमेटी का गठन

बीते कई माह से जेट एयरवेज की वित्तीय हालत खराब है। साथ ही कर्मचारियों की वेतन कटौती संबंधी खबरे मीडिया में छाने के बाद कंपनी के शेयरों में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। कंपनी के बारे में बनी सार्वजनिक धारणा और नकारात्मक प्रचार को रोकने के लिए चेयरमैन नरेश गोयल ने एक नई कमेटी के गठन का एेलान किया है। गोयल का कहना है कि इस नई कमेटी के जरिए कंपनी के बारे में बनी सभी धारणाओं को सुधारा जाएगा। गोयल के अनुसार जेट एयरवेज के निदेशकनिदेशक नसीम जैदी और अशोक चावला इस नई कमेटी की बैठक की अध्यक्षता करेंगे।

Published on: