कॉर्पोरेट वर्ल्ड

अब एयरपोर्ट, मॉल में भी ले सकेंगे कुल्हड़ वाली चाय का आनंद, गडकरी ने पीयूष गोयल को लिखा पत्र

नितिन गडकरी ने पीयूष गोयल को लिखा पत्र जल्द ही ट्रेन में आप कुल्हड़ वाली चाय का मजा ले सकेंगे

2 min read

नई दिल्ली। देश के प्रमुख रेल स्टेशनों, बस डिपो, हवाईअड्डों और मॉल में आपको जल्दी ही कुल्हड़ वाली चाय पीने को मिल सकती है। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने रेल मंत्री पीयूष गोयल को इस संबंध में पत्र लिखा है। फिलहाल अभी वाराणसी और रायबरेली स्टेशनों पर ही पकी मिट्टी से बने कुल्हड़ में चाय दी जाती है।


पीयूष गोयल को लिखा पत्र

गडकरी ने कहा, ‘‘मैंने पीयूष गोयल को एक पत्र लिखकर 100 रेल स्टेशनों पर कुल्हड़ को अनिवार्य करने के लिए कहा है। मैंने हवाईअड्डों तथा बस डिपो की चाय दुकानों पर भी इसे अनिवार्य करने का सुझाव दिया है। हम कुल्हड़ के इस्तेमाल के लिये मॉल को भी प्रोत्साहित करेंगे।’’


प्लास्टिक का कम होगा प्रयोग

इसके साथ ही गडकरी ने कहा कि इससे स्थानीय कुम्हारों को बाजार मिलेगा। इसके साथ ही कागज और प्लास्टिक से बने गिलासों का इस्तेमाल बंद होने से पर्यावरण को हो रहा नुकसान कम होगा। गडकरी ने खादी ग्रामोद्योग आयोग को मांग बढ़ने की स्थिति में व्यापक स्तर पर कुल्हड़ के उत्पादन के लिये आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने को भी कहा है।


आयोग के चेयरमैन ने दी मीडिया को जानकारी

आयोग के चेयरमैन विनय कुमार सक्सेना ने मीडिया को जानकारी देते हुए कहा, ‘‘हमने पिछले साल कुम्हारों को कुल्हड़ बनाने के लिये 10,000 इलेक्ट्रिक चाक दिये। इस साल हमने 25 हजार इलेक्ट्रिक चाक बांटने का लक्ष्य तय किया है।’’ सरकार कुम्हार सशक्तिकरण योजना के तहत इलेक्ट्रिक चाक वितरित कर रही है।


लालू यादव ने भी दिया था जोर

2004 में तत्कालीन रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव ने मिट्टी के बर्तनों को बढ़ावा देने के लिए रेलवे स्टेशनों पर कुल्हड़ों को अनिवार्य किया था। उनका साफ निर्देश था कि गर्म पेय पदार्थों को कुल्हड़ में ही दिया जाए।

Business जगत से जुड़ी Hindi News के अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर Like करें, Follow करें Twitter पर और पाएं बाजार,फाइनेंस,इंडस्‍ट्री,अर्थव्‍यवस्‍था,कॉर्पोरेट,म्‍युचुअल फंड के हर अपडेट के लिए Download करें patrika Hindi News App

Updated on:
25 Aug 2019 03:47 pm
Published on:
25 Aug 2019 03:46 pm
Also Read
View All