
नई दिल्ली। कोरोना वायरस लॉकडाउन ( Coronavirus Lockdown ) की वजह से कई कंपनियों की ओर से अपने कार्यालयों को स्थाई रूप से बंद दिया जा रहा है। अब इसी कड़ी में उबर ( Uber ) का नाम भी जुड़ गया है। कैब सर्विस प्रोवाइडर कंपनी उबर ने अपने मुंबई ऑफिस ( Uber Mumbai Office Shut ) को परमानेंट रूप से बंद करने का फैसला लिया है। वैसे कंपनी ने मुंबई में कैब सर्विस जारी रखने का फैसला किया है।
वहीं कंपनी की ओर से अपने सभी कर्मचारियों को दिसंबर तक वर्क फ्रॉम होम में काम करने के आदेश जारी किए हैं। वहीं कंपनी की ओर से इस बात को भी स्पष्ट नहीं किया गया है अगले साल से कर्मचारियों का क्या होगा। उन्हें मुंबई के दूसरे ऑफिसों में शिफ्ट किया गया है या नहीं।
अपनी लागत को कम करने में जुटी कंपनी
देश में काफी लंबे समय से कोरोना वायरस लॉकडान होने के कारण कंपनी को काफी नुकसान हो रहा था। जिससे उबरने और ग्लोबल एक्सपेंसिव को कम करने के लिए कंपनी की ओर से कठोर फैसले लिए जा रहे हैं। उबर के ग्लोबल लेवल पर कुल 6,700 कर्मचारी कार्यरत हैं। इसमें से भारत में उसने 600 कर्मचारियों को निकाल दिया है।
ग्लोबल लेवल पर कंपनी की ओर से 3700 कर्मचारियों की छंटनी की है। बीते महीने उबर ने इन इंप्लॉयज को जूम वीडियो कॉल के माध्यम से कहा था कि कोविड-19 महामारी काफी बड़ी चुनौती बन गई है। इस कारण से कंपनी को कुछ बड़े और कठोर फैसलों से होकर गुजरना पड़ सकता है।