टेक्नोलॉजी

ChatGPT Server Down: चैटजीपीटी की सेवाएं ठप होने से यूजर्स परेशान! मिनटों में बढ़ीं शिकायतें, वैश्विक स्तर पर सेवाएं प्रभावित

ChatGPT Down: OpenAI के AI चैटबॉट ChatGPT की सेवाएं शनिवार को कई देशों में प्रभावित रहीं। 1,500 से अधिक यूजर्स ने लॉग-इन, चैट हिस्ट्री और प्रॉम्प्ट सबमिट करने में दिक्कत की शिकायत की। कंपनी ने तकनीकी समस्या की पुष्टि करते हुए जांच शुरू कर दी है।
2 min read
Jul 25, 2026
chatgpt down global outage openai services affected
चैटजीपीटी डाउन। (प्रतीकात्मक तस्वीर, पत्रिका न्यूज)

ChatGPT Server Down: अमेरिका की आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनी OpenAI का लोकप्रिय चैटबॉट ChatGPT शनिवार को वैश्विक तकनीकी समस्या का शिकार हो गया। इस वजह से दुनिया के कई देशों में यूजर्स को प्लेटफॉर्म इस्तेमाल करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दोपहर तक 1,500 से अधिक शिकायतें दर्ज होने के बाद कंपनी ने भी सर्विस में आई समस्या की पुष्टि की।

डाउनडिटेक्टर पर तेजी से बढ़ीं शिकायतें

आउटेज ट्रैकिंग वेबसाइट Downdetector के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब 3 बजे तक 1,535 से अधिक शिकायतें दर्ज की गईं। इससे साफ संकेत मिला कि ChatGPT की सेवाएं वैश्विक स्तर पर प्रभावित हुई हैं। आंकड़ों के मुताबिक, करीब 80 प्रतिशत यूजर्स ने सीधे ChatGPT के काम नहीं करने की शिकायत दर्ज कराई। वहीं, 8 प्रतिशत यूजर्स को मोबाइल ऐप इस्तेमाल करने में दिक्कत आई, जबकि लगभग 8 प्रतिशत शिकायतें API सेवाओं में रुकावट से जुड़ी रहीं।

लॉग-इन, चैट हिस्ट्री और प्रॉम्प्ट सबमिट करने में आई दिक्कत

तकनीकी बाधा के दौरान हजारों यूजर्स ChatGPT तक पहुंच ही नहीं बना सके। कई लोगों का लॉग-इन नहीं हो पाया, जबकि कुछ यूजर्स प्रॉम्प्ट सबमिट करने में असफल रहे। बड़ी संख्या में यूजर्स अपनी पुरानी चैट हिस्ट्री भी एक्सेस नहीं कर सके। यूजर्स ने बताया कि वेबसाइट और मोबाइल ऐप दोनों पर कनेक्टिविटी से जुड़ी समस्याएं सामने आईं और यह परेशानी फ्री तथा पेड, दोनों तरह के सब्सक्राइबर्स को प्रभावित करती दिखी।

इन समस्याओं का सबसे ज्यादा सामना करना पड़ा

आउटेज के दौरान यूजर्स ने जिन दिक्कतों की सबसे ज्यादा शिकायत की, उनमें शामिल हैं:

-लॉग-इन फेल होना

-ऑथेंटिकेशन एरर आना

-चैट हिस्ट्री लोड न होना

-अचानक अकाउंट से साइन-आउट हो जाना

-प्रॉम्प्ट भेजने पर "Service Unavailable" संदेश दिखना

-नई और पुरानी चैट लोड न होना

कई देशों में दिखा असर

शिकायतों का सिलसिला शुरू होने के करीब एक घंटे के भीतर इनकी संख्या तेजी से बढ़ गई। अमेरिका, भारत, यूरोप, जापान और ऑस्ट्रेलिया समेत कई देशों के यूजर्स ने ChatGPT की सेवाएं प्रभावित होने की जानकारी दी। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भी कई यूजर्स ने पोस्ट कर बताया कि वे लोडिंग स्क्रीन पर अटक गए या अपनी पुरानी बातचीत तक पहुंच नहीं बना पा रहे थे।

OpenAI ने समस्या की पुष्टि की

OpenAI ने अपने आधिकारिक स्टेटस पेज पर सर्विस में आई तकनीकी समस्या को स्वीकार करते हुए कहा कि कंपनी मामले की जांच कर रही है। कंपनी के अनुसार, "हमारी कुछ सेवाओं में फिलहाल तकनीकी समस्या आ रही है। इसे जल्द से जल्द दूर करने के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं और सेवाओं की बहाली पर लगातार नजर रखी जा रही है।" हालांकि, कंपनी ने अभी तक यह नहीं बताया है कि समस्या किस वजह से हुई और सेवाएं पूरी तरह सामान्य होने में कितना समय लगेगा।

हाल ही में भी आया था बड़ा आउटेज

गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है जब OpenAI की सेवाएं प्रभावित हुई हों। कुछ दिन पहले भी ChatGPT, Codex और API सेवाओं में बड़े स्तर पर तकनीकी बाधा आई थी। उस दौरान सेवाओं को पूरी तरह सामान्य होने में करीब 24 घंटे का समय लगा था। लगातार सामने आ रही तकनीकी समस्याओं ने उन लाखों यूजर्स की चिंता बढ़ा दी है, जो रोजमर्रा के काम, पढ़ाई, रिसर्च और प्रोफेशनल कार्यों के लिए ChatGPT पर निर्भर हैं।

Updated on:
25 Jul 2026 05:09 pm
Published on:
25 Jul 2026 05:09 pm