पुराने गहनों का नया इस्तेमाल: आज के इस लेख में हम 5 ऐसे क्रिएटिव हैक्स शेयर कर रहे हैं, जिनकी मदद से आप बिना एक्स्ट्रा खर्च किए अपने रोजाना के स्टाइल को और भी बेहतर बना पाएंगी।
Jewelry Reuse Fashion Hacks: हम में से ज्यादातर लोगों के पास ऐसी बहुत सी ज्वेलरी होती है, जिसे पहनकर या तो हम बोर हो जाते हैं या फिर वह रखे-रखे अपनी चमक खोने लगती है। लेकिन क्या आप जानती हैं कि इन्हीं पुरानी चीजों को थोड़ा अलग अंदाज में इस्तेमाल करके आप एक नया और कूल लुक पा सकती हैं? इसके लिए आपको बाजार जाकर पैसे खर्च करने की बिल्कुल जरूरत नहीं है, बस थोड़ी सी क्रिएटिविटी की जरूरत है। आइए, आज के इस लेख में ऐसे 5 क्रिएटिव हैक्स जानते हैं, जो बिना जेब ढीली किए आपके स्टाइल गेम को पूरी तरह बदल देंगे।
अगर आपके पास कोई ऐसी चेन है जिसे आप अब गले में नहीं पहनना चाहतीं, तो उसे अपनी कलाई पर 3-4 बार लपेट के ब्रेसलेट के तरह या आप इसे कलाई पर लपेटने के साथ ही हाथ की मिडिल फिंगर यानी बीच की उंगली में फंसाकर हाथफूल की तरह भी पहन सकती हैं। यह हैक जींस-टॉप के साथ-साथ ट्रेडिशनल ड्रेसेस के साथ भी काफी अच्छा लगता है।
अक्सर इयररिंग्स का एक जोड़ा खो जाता है और दूसरा बेकार पड़ा रहता है। ऐसे में उस अकेले इयररिंग को आप अपनी कुर्ती, साड़ी के पल्लू या जैकेट पर एक ब्रोच की तरह इस्तेमाल कर सकती हैं। बस इयररिंग को कपड़े में फंसाकर पीछे से उसका पेच लगा दें। यह छोटी सी ट्रिक आपके सादे कपड़ों को भी मॉडर्न और महंगा लुक देगी।
स्कार्फ में गांठ बांधने के बजाय, उसे अपनी किसी सुंदर सी अंगूठी के बीच से निकालें। यह अंगूठी एक बकल की तरह काम करेगी और स्कार्फ को बार-बार खिसकने से भी बचाएगी। यह तरीका ऑफिस या किसी फॉर्मल मीटिंग के लिए बहुत ही एलिगेंट और क्लासी लुक देता है।
शादी-पार्टी में जाने के लिए अगर आपके पास बालों की कोई एक्सेसरी नहीं है, तो अपने किसी चोकर या पतले नेकलेस को माथे पर पहनें। इसे बालों के पीछे की तरफ पिन से अच्छी तरह सेट कर लें। यह तुरंत आपको एक रॉयल और एथनिक लुक देगा और किसी को पता भी नहीं चलेगा कि आपने गले के हार को माथा-पट्टी बनाकर पहना है।
अगर आपके पास ऐसी चूड़ियां हैं जिनके जोड़े मिल नहीं रहे या जिन्हें आप अब नहीं पहनतीं, तो उन्हें एक साथ जोड़ के इन पर कोई रिबन या अपनी ड्रेस से मैच करता रंगीन धागा लपेटकर कंगन बना सकती हैं। इन्हें आप अपनी पसंद के हिसाब से कस्टमाइज भी कर सकती हैं।