लाइफस्टाइल

आंवले से सिर्फ अचार ही नहीं, बनाएं चटनी से लेकर कैंडी तक 5 स्वादिष्ट डिशेज

Winter Special Amla Recipes: सर्दियों में इस साल आंवले से सिर्फ अचार या चटनी ही नहीं, बल्कि कुछ मीठा, खट्टा और चटपटा भी बना सकती हैं। इसके लिए घर पर ट्राई करें ये 5 आसान और स्वादिष्ट रेसिपीज।
3 min read
• •
Updated: 19 Nov 2026, 2:09 PM IST
Amla Recipes
Winter के लिए Amla Recipes (Representative Image) Image Credit Gemini

Amla Recipes: सर्दियां शुरू होते ही बाजार में ताजा आंवला मिलने लगता है। ये खाने में फायदेमंद तो होता है, लेकिन इसके खट्टे और थोड़े कसैले स्वाद की वजह से ज्यादातर लोग इसे सीधे खाना पसंद नहीं करते। घरों में आमतौर पर इसका अचार या चटनी बनाई जाती है, लेकिन अचार के अलावा भी इससे कई चीजें आसानी से बन सकती हैं। अगर इस साल आप कुछ नया ट्राई करना चाहते हैं, तो यहां बताई गई 5 रेसिपीज ट्राई कर सकते हैं। आइए जानते हैं इन्हें बनाने के लिए सामग्री और विधि।

आंवले की चटपटी चटनी

आंवले की चटनी बनाने के लिए सामग्री

  • 3-4 आंवले
  • 1 कप हरा धनिया
  • 1-2 हरी मिर्च
  • 1 इंच का छोटा टुकड़ा अदरक
  • 1/2 छोटा चम्मच भुना जीरा
  • नमक (स्वादानुसार)
  • चीनी या गुड़ (स्वादानुसार)

आंवले की चटनी बनाने की विधि

  • चटनी बनाने के लिए आंवले के बीज निकालकर उसके टुकड़े कर लें।
  • सारी सामग्री मिक्सर जार में डालें और थोड़ा पानी मिलाकर पीस लें।
  • इसे फ्रिज में रखें और 3-4 दिन तक रख सकते है।

आंवला कैंडी

आंवला कैंडी बनाने के लिए सामग्री

  • 1 किलो आंवला
  • 500-600 ग्राम चीनी (स्वादानुसार)

आंवला कैंडी बनाने की विधि

  • आंवले को भाप में या पानी में हल्का उबाल लें, जिससे थोड़े नरम हो जाएं।
  • उबालने के बाद ठंडा होने पर आंवले के फांकें को अलग कर लें और बीज निकाल दें।
  • फांकों पर चीनी डालकर ढक दें और 24 घंटे के लिए छोड़ दें। ऐसा करने से चीनी पिघलकर शीरा बन जाएगा।
  • फांकों को शीरे से निकालकर प्लेट या साफ कपड़े पर फैला दें और 2-3 दिन हवादार जगह या हल्की धूप में सुखाएं। ऊपर से जाली ढक दें, ताकि धूल और मक्खी न बैठे।
  • सूखने के बाद ऊपर से थोड़ी चीनी छिड़कें और एयरटाइट डिब्बे में भर लें।

आंवले का मुरब्बा

आंवले का मुरब्बा बनाने के लिए सामग्री

  • 1 किलो आंवला
  • 1 किलो चीनी
  • थोड़ा इलायची पाउडर या केसर (ऑप्शनल)

आंवले का मुरब्बा बनाने की विधि

  • आंवले को कांटे या टूथपिक से चारों तरफ से छेद (गोद) करें, ताकि शीरा अंदर तक जाए।
  • पानी में उबालें, लेकिन आंवले सिर्फ थोड़े नरम होने तक। ज्यादा उबालने पर वो टूट जाएंगे।
  • दूसरे बर्तन में चीनी और थोड़ा पानी डालकर शीरा बनाएं।
  • शीरा हल्का चिपचिपा हो जाए तो आंवले डालें और धीमी आंच पर पकाएं, जब तक आंवले शीरे में पारदर्शी से न दिखने लगें।
  • ठंडा होने पर इलायची या केसर मिलाएं और कांच के साफ जार में भर लें।

आंवले की सब्जी

आंवले की सब्जी बनाने के लिए सामग्री

  • 4-5 आंवले
  • जीरा, हींग, सौंफ
  • हल्दी, लाल मिर्च, नमक
  • तेल (जरूरत के हिसाब से)
  • गुड़ का छोटा टुकड़ा

आंवले की सब्जी बनाने की विधि

  • आंवले को उबालकर बीज निकाल लें और फांकें कर लें।
  • कड़ाही में तेल गरम करें और उसमें हींग, जीरा और सौंफ डालें। फिर बाकी मसाले मिलाएं।
  • आंवले की फांकें डालकर धीमी आंच पर 5-7 मिनट पकाएं।
  • आखिर में थोड़ा गुड़ डाल दें। इससे खट्टापन बैलेंस हो जाता है।
  • रोटी या पराठे के साथ गरमागरम सर्व करें।

आंवला जूस

आंवला जूस बनाने की विधि

  • 2-3 आंवले के बीज निकालकर टुकड़े कर लें।
  • मिक्सर जार में थोड़ा पानी डालकर पीस लें और छान लें।
  • स्वाद के लिए चुटकी भर काला नमक या थोड़ा गुड़ मिला लें।

इन बातों का भी रखें ध्यान

  • आंवला खरीदते समय ताजा, चिकना और बिना दाग वाला आंवला चुनें।
  • आंवला उबालने या पकाने के लिए स्टील या कांच का बर्तन लें। लोहे की कड़ाही में इसका रंग काला पड़ सकता है।
  • स्टोर करने के लिए कांच के जार का इस्तेमाल करें।
  • जार और चम्मच पूरी तरह साफ और सूखे होने चाहिए, वरना चीजें जल्दी खराब हो सकती हैं।
  • कैंडी या मुरब्बे में फफूंद या अजीब गंध दिखे, तो उसे न खाएं।
Updated on:
19 Nov 2026, 2:09 PM IST
Published on: