18 नवंबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Lifestyle News / स्वेटर और जैकेट से आ रही बदबू? विंटर कपड़ों की देखभाल के लिए अपनाएं ये टिप्स, लंबे समय तक रहेंगे नए जैसे

स्वेटर और जैकेट से आ रही बदबू? विंटर कपड़ों की देखभाल के लिए अपनाएं ये टिप्स, लंबे समय तक रहेंगे नए जैसे

Winter Clothes Cleaning: सर्दियों के कपड़ों से आ रही बदबू और धूल को दूर करने के लिए हर बार ड्राई क्लीनिंग पर पैसे खर्च करने की जरूरत नहीं है। कुछ आसान घरेलू तरीकों की मदद से आप विंटर कपड़ों को घर पर ही साफ और फ्रेश रख सकते हैं। आइए जानते हैं कैसे।
4 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

भारत

•

image

Priyambada yadav

•

Updated: 18 Nov 2026, 4:45 PM IST

Winter Clothes Cleaning

Winter Clothes Cleaning के लिए टिप्स(Representative Image) Image Credit Magnific

Home Dry Cleaning Tips: सर्दियां शुरू हो चुकी हैं और लोग अलमारी में रखे स्वेटर, जैकेट, शॉल और कोट निकालने लगे हैं। ऐसे में कई बार स्टोर करने की वजह से कपड़ों में महक आने लगती है या उन पर धूल और दाग जमे दिखने लगते हैं। इन्हें घर पर नॉर्मल कपड़ों की तरह धोने से ये खराब हो सकते हैं, और हर बार ड्राई क्लीनर के पास जाना महंगा पड़ने के साथ समय भी लेता है। इससे बचने के लिए कुछ टिप्स और ट्रिक्स फॉलो करके सर्दी के कपड़े घर पर ही साफ और फ्रेश किए जा सकते हैं। आइए जानते हैं घर पर सर्दियों के कपड़ों की ड्राई क्लीनिंग के आसान तरीके और किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।

सबसे पहले कपड़े का केयर लेबल देखें

हर कपड़े के अंदर एक छोटा सा लेबल लगा होता है, जिस पर लिखा होता है कि उसे कैसे धोना है। इसलिए कपड़े को साफ करने से पहले इसे जरूर पढ़ें।

  • “Dry Clean Only” लिखा हो तो उसे घर पर पानी से न धोएं।
  • “Hand Wash” लिखा हो तो हाथ से हल्के हाथों से धोएं।
  • “Machine Wash Gentle” लिखा हो तभी उसे मशीन में डालें।
  • लेबल बहुत घिस गया हो या पढ़ने में न आए तो पहले किसी छिपे हुए हिस्से पर थोड़ा टेस्ट कर लें।

घर पर सर्दी के कपड़ों की सफाई के ये तरीके हो सकते हैं मददगार

1. हल्के दाग के लिए स्पॉट क्लीनिंग करें

अगर कपड़े पर सिर्फ एक छोटा सा दाग लगा है, तो पूरा कपड़ा धोने के बदले स्पॉट क्लीनिंग कर सकते हैं।

  • ठंडे पानी में बहुत थोड़ा माइल्ड डिटर्जेंट मिलाएं।
  • साफ सूती कपड़े को भिगोकर दाग वाली जगह पर हल्के से थपथपाएं।
  • रगड़ें नहीं, वरना कपड़े के रेशे खराब हो सकते हैं।
  • फिर साफ गीले कपड़े से थपथपाकर साबुन हटा दें और हवा में सूखने दें।

टिप्स: नए और महंगे कपड़े को साफ करने से पहले कपड़े के अंदर वाले छिपे हिस्से पर आजमाएं।

2. महक हटाने के लिए हवा और भाप

स्टोर किए हुए कपड़ों में बस महक आ रही हो तो धोने की जरूरत नहीं होती।

  • कपड़ों को छांव वाली खुली जगह पर कुछ घंटे लटकाकर हवा लगने दें। ऊनी कपड़ों को तेज धूप में न रखें, इससे रंग फीका पड़ सकता है।
  • बाथरूम में गर्म पानी चलाने के बाद उस भाप वाली जगह में कपड़े को कुछ देर लटकाएं। इससे हल्की सिलवटें और महक कम होती है।
  • प्रेस करना हो तो कम तापमान पर करें और ऊनी कपड़े पर सीधे प्रेस न रखें, बीच में पतला सूती कपड़ा रखें।

3. बेकिंग सोडा से चिकनाई और बदबू कम करने में मिल सकती है मदद

ऊनी स्वेटर के कॉलर या बाजुओं में पसीने की महक रह जाती है।

  • कपड़े को समतल जगह पर बिछा दें।
  • हल्के हाथ से थोड़ा सा बेकिंग सोडा छिड़क दें।
  • 2-3 घंटे के लिए छोड़ दें।
  • फिर मुलायम ब्रश से या झाड़कर अच्छे से हटा दें।

इसका इस्तेमाल पहले छिपे हुए हिस्से पर आजमाकर ही करें, और रेशमी या नाजुक कपड़े पर न करें।

4. ऊनी स्वेटर और शॉल को हाथ से कैसे धोएं

अगर लेबल पर हैंड वॉश लिखा है, तो एक बड़े टब में ठंडा या हल्का गुनगुना पानी लें। ऊनी कपड़ों के लिए बने माइल्ड डिटर्जेंट की थोड़ी मात्रा मिलाएं। कपड़े को हल्के हाथ से पानी में दबाएं और 10-15 मिनट भीगने दें। इसके बाद मलें, रगड़ें या निचोड़ें नहीं, बस पानी में हल्के से हिलाएं। साफ ठंडे पानी में 2-3 बार डुबोकर साबुन निकालें। फिर कपड़े को समतल जगह पर बिछाकर छांव में सूखने दें।

5. जैकेट और रजाई जैसे भारी कपड़े कैसे साफ करें

पफर जैकेट या रजाई-कंबल जैसी हैवी चीजों को धोने से पहले केयर लेबल जरूर पढ़ें। अगर लेबल मशीन वॉश के लिए लिखा है, तो हल्के साइकिल और ठंडे पानी का इस्तेमाल करें। साबुन की मात्रा कम रखें और एक्स्ट्रा रिन्स लगाएं। इसके बाद इन्हें पूरी तरह सुखा लें। लेबल पर इजाजत हो तो कम तापमान पर ड्रायर का इस्तेमाल कर सकते हैं।

6. बाजार में मिलने वाले होम ड्राई क्लीन किट

कुछ ब्रांड्स के होम ड्राई क्लीनिंग किट आते हैं। ऐसे में आप पैकेट पर लिखे तरीके को ठीक से पढ़ें। लेबल के हिसाब से ही कपड़ा चुनें और सफाई करें।

इन कपड़ों को घर पर न धोएं

  • चमड़े, स्यूड या फर वाली जैकेट
  • ऐसे कोट और ब्लेजर जिनमें अंदर की सिलाई या पैडिंग हो
  • असली रेशम (सिल्क) के कपड़े
  • भारी कढ़ाई, नग या कढ़ाई वाले कपड़े
  • जिन पर “Dry Clean Only” साफ लिखा हो

सर्दी के कपड़े धोते वक्त न करें ये गलतियां

सर्दी के कपड़े धोते वक्त गरम पानी इस्तेमाल करने से बचें, क्योंकि इससे ऊनी कपड़े सिकुड़ सकते हैं। ब्लीच या हार्ड डिटर्जेंट का भी इस्तेमाल न करें, इससे ऊन के रेशे खराब हो जाते हैं और रंग उड़ सकता है। सुखाते वक्त कपड़े को निचोड़ना या मरोड़ना नहीं चाहिए, इससे कपड़ा खिंच सकता है या उसका आकार बिगड़ सकता है। गीला कपड़ा हैंगर पर न टांगें और तेज धूप या हीटर के पास भी न सुखाएं, इससे रेशे कमजोर हो सकते हैं।

सफाई के बाद सर्दी के कपड़े कैसे स्टोर करें

  • स्वेटर को हैंगर पर टांगने की जगह मोड़कर रखें, ताकि वो खिंचे नहीं।
  • लंबे समय तक पॉलीथिन में बंद करने से नमी जम सकती है। इसलिए हवादार सूती बैग या साफ चादर में लपेटकर रखना बेहतर रहता है।
  • अगर कपूर या नैफ्थलीन की गोलियां इस्तेमाल करते हैं, तो उन्हें बच्चों और पालतू जानवरों की पहुंच से दूर रखें।

ठंड के कपड़ों की सफाई करते समय इन बातों का भी रखें ध्यान

  • हल्के रंग और गहरे रंग के ऊनी कपड़ों को अलग-अलग धोएं, ताकि रंग न फैले।
  • सफाई के बाद भी बदबू, सफेद धब्बे या फफूंद दिखे, तो कपड़े को धूप में डालने के बदले प्रोफेशनल क्लीनर से सलाह लें।
  • अगर कपड़े से किसी को एलर्जी या स्किन पर खुजली होती है, तो केमिकल वाले डिटर्जेंट से बचें और डॉक्टर से सलाह लें।