
Uttar Pradesh Waterfalls: पहाड़ और झरनों की बात आते ही ज्यादातर लोग उत्तराखंड या हिमाचल प्रदेश का नाम लेते हैं, लेकिन आपको जानकर हैरानी होगी कि उत्तर प्रदेश में भी कई खूबसूरत झरने हैं, जहां मानसून के दिनों में दोस्तों या परिवार के साथ घूमने का प्लान बनाया जा सकता है। आइए जानते हैं उत्तर प्रदेश के 7 ऐसे झरनों के बारे में, जिनके बारे में ज्यादातर लोग नहीं जानते। ये जगहें एडवेंचर पसंद करने वालों से लेकर सुकून की तलाश में निकले लोगों के लिए भी परफेक्ट हैं।
उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में अहरौरा के पास स्थित लखनिया दरी मानसून में सबसे ज्यादा पसंद किए जाने वाले वॉटरफॉल में से एक है। बारिश के बाद यहां का झरना काफी तेजी से बहता है और आसपास की हरियाली इसकी खूबसूरती को कई गुना बढ़ा देती है। ट्रैकिंग और नेचर फोटोग्राफी के शौकीनों के लिए यह शानदार जगह है।
विंढम वॉटरफॉल मिर्जापुर में विंध्य पहाड़ के बीच स्थित एक बेहद खूबसूरत और लोकप्रिय पिकनिक जगह है। यहां गिरते पानी की आवाज, चारों तरफ फैली हरियाली और ठंडी हवा सुकून का एहसास कराती है। यह जगह पिकनिक और छोटी ट्रिप के लिए काफी लोकप्रिय है।
टांडा फॉल्स अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए मशहूर है। बारिश के मौसम में यहां पानी का बहाव बढ़ जाता है और पूरा इलाका हरियाली से भरे पेड़-पौधों की वजह से हरी चादर ओढ़ लेता है। अगर आप भीड़ से दूर कुछ समय बिताना चाहते हैं, तो यह आपके लिए अच्छी जगह है।
मिर्जापुर में चुनार के पास स्थित सिद्धनाथ दरी एक बेहद खूबसूरत और प्रसिद्ध झरना है। यह जगह अपने शानदार प्राकृतिक नजारों, आध्यात्मिक महत्व और पिकनिक स्पॉट के रूप में जाना जाता है। यहां लगभग 100 फीट की ऊंचाई से पानी चट्टानों के बीच गिरता है, जो बारिश के मौसम में बेहद खूबसूरत दिखाई देता है। इस स्थान का नाम सिद्धनाथ बाबा के नाम पर रखा गया है।
चंदौली का राजदरी वॉटरफॉल बारिश के मौसम में ट्रिप प्लान करने के लिए एक अच्छी जगह है। ऊंचाई से गिरता पानी और आसपास का घना जंगल यहां आने वाले पर्यटकों को अलग ही अनुभव देता है। मानसून में यह जगह प्रकृति प्रेमियों की पसंदीदा जगहों में से एक है।
वाराणसी से लगभग 60 से 70 किलोमीटर की दूरी पर चंद्रप्रभा वन्यजीव अभयारण्य के बीच स्थित राजदरी वॉटरफॉल एक बेहद खूबसूरत झरना है। अपनी सीढ़ीनुमा पहाड़ और चारों ओर फैली हरियाली के कारण यह पूर्वांचल के सबसे बेहतरीन पिकनिक स्पॉट्स में से एक है।
राजदरी वॉटरफॉल के अलावा चंद्रप्रभा वन्यजीव अभयारण्य के अंदर ही देवदरी वॉटरफॉल भी स्थित है। यह एक बेहद खूबसूरत और शांत झरना है। परिवार और दोस्तों के साथ घूमने के लिए यह बेहतरीन जगह है।
उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के घोरावल क्षेत्र में बेलन नदी पर स्थित मुक्खा वॉटरफॉल लगभग 100 फीट की ऊंचाई से गिरने वाला खूबसूरत झरना है। तेज बहते पानी और आसपास के प्राकृतिक नजारों की वजह से यह जगह एडवेंचर पसंद लोगों को खूब पसंद आती है। अगर आप इस जगह के आसपास रहते हैं, तो यहां घूमने का प्लान बना सकते हैं।