
Intermittent Fasting: जब भी बॉलीवुड में फिटनेस की बात आती है, तो सबसे पहले नाम आता है अक्षय कुमार का। 57 साल की उम्र में भी उनकी फिटनेस और एनर्जी देखकर हर कोई हैरान रह जाता है। इसके पीछे उनका सीक्रेट है एक साधारण लेकिन बेहद अनुशासित लाइफस्टाइल।
अक्षय कुमार ने हाल ही में एक इवेंट में बताया कि वो हर सोमवार को पूरा दिन व्रत रखते हैं। रविवार रात को डिनर करने के बाद वो मंगलवार सुबह तक कुछ नहीं खाते। इसे आप देसी इंटरमिटेंट फास्टिंग कह सकते हैं। न्यूट्रिशनिस्ट्स के मुताबिक, ऐसा करने से मेटाबॉलिज्म दुरुस्त होता है, सर्कैडियन रिदम ठीक रहती है, नींद बेहतर होती है, और शरीर को नेचुरल डिटॉक्स मिलता है। यानी शरीर को हर हफ्ते एक रीसेट बटन मिल जाता है।
अक्षय का दूसरा बड़ा नियम यह है कि वह शाम 6:30 बजे तक डिनर खत्म कर लेते। वो कहते हैं कि जब हमारी आंखें, पैर और हाथ रात को आराम कर रहे होते हैं, तो पेट को भी आराम मिलना चाहिए। लेकिन अगर हम देर से खाना खाते हैं, तो पेट को ठीक से आराम नहीं मिल पाता। नतीजा पाचन गड़बड़, नींद खराब और धीरे-धीरे कई बीमारियां। अक्षय मानते हैं कि अगर पेट स्वस्थ है तो बीमारियां पास भी नहीं फटकेंगी।
अक्षय कुमार का तीसरा फिटनेस मंत्र है, ज्यादा मशीनों पर भरोसा मत करो। वो पारंपरिक जिम ट्रेनिंग नहीं करते। ना ही हैवी वेट उठाते हैं। इसके बजाय वो रॉक क्लाइम्बिंग, आउटडोर गेम्स और बॉडी-वेट एक्सरसाइज पर ध्यान देते हैं। उनका जिम भी इस तरह बना है जैसे बंदरों के लिए बना हो, जिसमें ज्यादातर क्लाइम्बिंग और हैंगिंग एक्टिविटीज होती हैं।