
Seated Rowing Exercise: आलिया भट्ट अपनी फिटनेस और वर्कआउट रूटीन को लेकर काफी एक्टिव रहती हैं। उनके फिटनेस रूटीन में स्ट्रेंथ ट्रेनिंग, कार्डियो, पिलेट्स और योग शामिल हैं। इसके साथ ही वह हेल्दी खान-पान और आराम का भी ध्यान रखती हैं। वह अक्सर अपने जिम सेशन की झलक फैंस के साथ शेयर करती रहती हैं। हाल ही में उनके फिटनेस ट्रेनर ने जिम में एक्सरसाइज करते हुए उनका एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वह सीटेड रोइंग एक्सरसाइज करती नजर आ रही हैं। आइए जानते हैं सीटेड रोइंग एक्सरसाइज क्या है, इसके फायदे और इसे करने का सही तरीका क्या होता है।
सेलिब्रिटी फिटनेस ट्रेनर करण सावनी ने आलिया के साथ जिम में वर्कआउट करते हुए एक वीडियो पोस्ट किया। करण आलिया के साथ कृति सेनन जैसे कुछ और सेलिब्रिटीज को भी ट्रेन करते हैं। उन्होंने वीडियो के कैप्शन में लिखा, "No Friendly Competition।" वीडियो में आलिया और करण दोनों सीटेड रोइंग (Seated Rowing) एक्सरसाइज करते दिख रहे हैं।
Mayo Clinic के मुताबिक सीटेड रोइंग एक पुलिंग एक्सरसाइज है, जो पीठ को मजबूत करती है, पोस्चर में सुधार लाती है और बांहों व कंधों की मांसपेशियों को भी एक्टिव करती है। आलिया ने इसे केबल मशीन पर किया है। इसके अलावा इसे चेस्ट-सपोर्टेड रो मशीन, रेजिस्टेंस बैंड या डंबल की मदद से भी किया जा सकता है।
यह एक्सरसाइज पीठ के ऊपरी हिस्से की मांसपेशियों और लैटिसिमस डॉर्सी (Latissimus Dorsi) को मजबूत करने में मदद करती है। इसके साथ ही यह पोस्चर को बेहतर बनाती है और कंधों और रीढ़ की हड्डी को सपोर्ट देती है। यह कंट्रोल के साथ की जाने वाली लो-इम्पैक्ट एक्सरसाइज है।
सीटेड रोइंग एक्सरसाइज करते समय सबसे जरूरी चीज सही पोस्चर है, इसलिए वजन बढ़ाने की जल्दी न करें और पहले हल्के वजन से शुरुआत करें। हर रेप को धीरे और कंट्रोल के साथ करें। अगर आपको पीठ, कंधे या रीढ़ से जुड़ी कोई दिक्कत है, तो इसे शुरू करने से पहले किसी ट्रेनर या डॉक्टर से सलाह जरूर लें।
डिस्क्लेमर: यह इंटरनेट पर उपलब्ध जानकारी के आधार पर लिखा गया है। यह फिटनेस एक्सपर्ट की सलाह का विकल्प नहीं है। किसी भी एक्सरसाइज को शुरु करने से पहले फिटनेस एक्सपर्ट से सलाह जरूर लें।