
Dhaba Style Do Pyaza Recipe: संडे को देर से सोकर उठने के बाद समझ नहीं आता कि खाने में टेस्टी और आसानी से क्या बनाया जाए। अगर हर संडे आप भी यही सोचकर परेशान रहते हैं, तो यहां बताए गए ढाबा स्टाइल दो प्याजा बनाने के टिप्स फॉलो करके आप पनीर, आलू या भिंडी दो प्याजा बना सकते हैं। आइए जानते हैं, दो प्याजा बनाते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।
ढाबा स्टाइल दो प्याजा बनाने के लिए सबसे पहले इसकी बेस ग्रेवी पर ध्यान दें। इसके लिए जीरा, काली मिर्च और इलायची जैसे साबुत मसालों को तेल में अच्छी तरह चटकाने के बाद प्याज को हल्का सुनहरा होने तक भूनें। इसके बाद सूखे मसाले डालकर थोड़ी देर भूनें, ताकि मसालों का स्वाद अच्छी तरह से निकलकर आए। ग्रेवी में शिमला मिर्च और टमाटर डालने के बाद इन्हें अच्छी तरह पकाएं। सब्जियां नरम होने के बाद मिश्रण को ठंडा करके ही बारीक पीसें। इससे स्मूद और गाढ़ी ग्रेवी तैयार होगी। दो प्याजा में प्याज का इस्तेमाल खास तरीके से किया जाता है। इसलिए कड़ाही में डाला गया प्याज हल्का सुनहरा और अच्छी तरह भुना होना चाहिए।
भिंडी बनाते समय इसे ग्रेवी में डालकर ज्यादा न पकाएं। भिंडी को पहले करीब 70 प्रतिशत तक पकाने के बाद ग्रेवी डालें, इससे उसका टेक्सचर बेहतर रहेगा। वहीं पनीर को भी ग्रेवी डालने से पहले हल्का सुनहरा होने तक पकाने से स्वाद बेहतर बनता है। आखिर में तैयार ग्रेवी डालकर सब्जी को ज्यादा देर तक न पकाएं। करीब एक मिनट तक पकाने के बाद हरा धनिया डालकर सर्व करें।
आलू दो प्याजा बनाने के लिए सबसे पहले आलू को काटने के बाद पानी में रखें। इससे वे काले नहीं पड़ेंगे और अतिरिक्त स्टार्च भी निकल जाएगा। तलने से पहले आलू का पानी अच्छी तरह निकाल लें। आलू को तेज आंच पर तब तक तलें, जब तक वे बाहर से हल्के सुनहरे और क्रिस्पी न हो जाएं। आलू पूरी तरह पकाएं, क्योंकि ग्रेवी में इन्हें ज्यादा नहीं पकाना है। ग्रेवी के लिए साबुत मसालों को तेल में अच्छी तरह चटकाने के बाद प्याज को सुनहरा होने तक भूनें। टमाटर को अच्छी तरह पकाने के बाद मसाले और दही डालें और तब तक भूनें, जब तक तेल अलग न होने लगे।
ग्रेवी को पीसने से पहले साबुत मसाले निकालें और मिश्रण ठंडा होने के बाद ही बारीक पीसें। ग्रेवी का टेक्सचर स्मूद होना चाहिए। आखिर में प्याज, शिमला मिर्च और टमाटर को तेज आंच पर करीब एक मिनट टॉस करें, ताकि सब्जियों का क्रंच बना रहे। फिर फ्राइड आलू और तैयार ग्रेवी डालकर 2-3 मिनट ही पकाएं। आलू दो प्याजा को सूखा या थोड़ा गर्म पानी डालकर ग्रेवी वाला बनाया जा सकता है।