लाइफस्टाइल

गर्दन पर झुर्रियां बढ़ रही हैं? जान लीजिए कारण और बचाव के तरीके भी

Neck Skin Care Tips: गर्दन की त्वचा पर झुर्रियों, रूखेपन और बढ़ती उम्र के संकेतों को कम करने के लिए क्या करना चाहिए और किन बातों से बचना चाहिए? आइए, क्लीवलैंड क्लिनिक से जानते हैं गर्दन की त्वचा को मुलायम बनाए रखने और फाइन लाइन्स व झुर्रियों की देखभाल से जुड़े जरूरी स्किन केयर टिप्स।
3 min read
• •
Updated: 27 Oct 2026, 1:54 PM IST
Neck Wrinkles
Neck Wrinkles के लिए Skin Care Tips (Representative Image) Image Credit Magnific

Skin Care Tips: चेहरे की त्वचा का ख्याल रखने के लिए ज्यादातर लोग कई तरह के स्किन केयर प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करते हैं। लेकिन, अक्सर गर्दन की त्वचा की देखभाल करना भूल जाते हैं। ऐसे में गर्दन पर झुर्रियां, रूखापन और त्वचा के रंग में बदलाव नजर आने लगता है। इसलिए चेहरे के साथ गर्दन की त्वचा का ख्याल रखना भी जरूरी है। आइए जानते हैं कि गर्दन की त्वचा को मुलायम बनाए रखने और बढ़ती उम्र के संकेतों को कम करने के लिए क्या करना चाहिए और किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।

गर्दन पर झुर्रियां क्यों नजर आने लगती हैं?

क्लीवलैंड क्लिनिक (Cleveland Clinic) के अनुसार, गर्दन की त्वचा पतली और संवेदनशील होती है। इसलिए यहां उम्र बढ़ने और धूप से होने वाले नुकसान के संकेत नजर आ सकते हैं। इसके अलावा, धूम्रपान, वायु प्रदूषण और त्वचा में समय के साथ होने वाले बदलाव भी झुर्रियों का कारण बन सकते हैं। मोबाइल फोन या कंप्यूटर देखते समय लगातार गर्दन झुकाकर रखने से भी गर्दन पर आड़ी रेखाएं भी आ सकती हैं। इसे टेक नेक (Tech Neck) कहा जाता है।

गर्दन पर झुर्रियों और रूखेपन को कम करने में मदद कर सकते हैं ये स्किन केयर इंग्रेडिएंट्स

एंटीऑक्सीडेंट्स

क्लीवलैंड क्लिनिक (Cleveland Clinic) के अनुसार, फ्री रेडिकल्स के कारण त्वचा पर ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस बढ़ सकता है, जिससे समय के साथ महीन रेखाएं, झुर्रियां और धूप से होने वाला नुकसान नजर आ सकता है। ऐसे में विटामिन सी, विटामिन ई और फेरुलिक एसिड जैसे एंटीऑक्सीडेंट्स वाले प्रोडक्ट्स को स्किन केयर रूटीन में शामिल करने से त्वचा को फ्री रेडिकल्स से होने वाले नुकसान से बचाने में मदद मिल सकती है।

सनस्क्रीन

धूप की अल्ट्रावायलेट (UV) किरणें त्वचा को नुकसान पहुंचा सकती हैं। ऐसे में लंबे समय तक धूप के संपर्क में रहने से झुर्रियां, महीन रेखाएं और त्वचा के रंग में बदलाव जैसे संकेत नजर आ सकते हैं। इसलिए गर्दन की त्वचा को स्वस्थ रखने के लिए आप ब्रॉड स्पेक्ट्रम एसपीएफ 30 या उससे अधिक वाला सनस्क्रीन स्किन केयर में शामिल कर सकते है।

रेटिनॉइड्स

रेटिनॉइड्स का इस्तेमाल त्वचा की देखभाल के लिए किया जाता है। ये कोलेजन को बनाने में बढ़ावा देने के साथ ही महीन रेखाओं व झुर्रियों को कम करने में भी मदद कर सकते हैं। ऐसे में इन्हें भी आप अपने स्किन केयर रूटीन में शामिल कर सकते हैं। हालांकि, रेटिनॉल जैसे इंग्रेडिएंट्स का इस्तेमाल सावधानी से करना चाहिए। इसके लिए कम मात्रा और कम स्ट्रेंथ वाले उत्पाद से शुरुआत करना बेहतर हो सकता है। इसे रात में इस्तेमाल किया जा सकता है और इसके बाद मॉइस्चराइजर लगाना चाहिए। शुरुआत में रोजाना इस्तेमाल करने के बजाय स्किन पर दिखने वाले असर के अनुसार इसका इस्तेमाल करें। ध्यान दें, अगर रेटिनॉल लगाने से जलन, लालिमा या ज्यादा रूखापन महसूस हो, तो इसका इस्तेमाल न करें।

हायलूरोनिक एसिड

हायलूरोनिक एसिड त्वचा में नमी बनाए रखने में मदद करने वाला स्किन केयर इंग्रेडिएंट है। यह त्वचा को हाइड्रेट रखने और रूखेपन को कम करने में मदद कर सकता है। गर्दन की त्वचा को हाइड्रेट रखने के लिए हायलूरोनिक एसिड वाला सीरम या मॉइस्चराइजर इस्तेमाल किया जा सकता है।

ध्यान दें: गर्दन पर झुर्रियां आना उम्र बढ़ने की एक सामान्य प्रक्रिया है। सही स्किन केयर, नियमित मॉइस्चराइजिंग और धूप से बचाव से त्वचा को स्वस्थ रखने और बढ़ती उम्र के कुछ संकेतों को कम करने में मदद मिल सकती है। हालांकि, इसका असर हर व्यक्ति की त्वचा और इस्तेमाल किए जाने वाले उत्पादों के अनुसार अलग-अलग हो सकता है।

डिस्क्लेमर: यह लेख इंटरनेट पर उपलब्ध जानकारी के आधार पर सामान्य जागरूकता के उद्देश्य से लिखा गया है। यह किसी भी मेडिकल सलाह का विकल्प नहीं है। त्वचा संबंधी कोई भी समस्या होने पर हमेशा योग्य विशेषज्ञ से परामर्श करें 

Updated on:
27 Oct 2026, 1:54 PM IST
Published on: