
सफेद बालों के लिए Hair Coloring Tips (Representative Image) Image Credit Magnific
How To Color Grey Hair: बालों को नया लुक देने या सफेद बालों को छिपाने के लिए कई लोग हेयर कलर करवाना पसंद करते हैं। कोई अपने बालों को नेचुरल रंग में ही रखना चाहता है, तो कोई अपनी पसंद के अलग-अलग शेड्स ट्राई करता है। लेकिन हर बार सैलून जाकर बालों को कलर करवाने के लिए समय निकालना आसान नहीं होता। ऐसे में लोग घर पर ही हेयर कलर करना पसंद करते हैं। हालांकि, घर पर बालों को कलर करते समय सही शेड चुनने से लेकर उसे लगाने और बाद में बालों की देखभाल करने तक कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना चाहिए। आइए जानते हैं, घर पर सफेद बालों को कलर कैसे कर सकते हैं।
सफेद बालों को कवर करने से पहले यह तय करें कि आपको केवल जड़ों पर नजर आने वाले सफेद बालों को छिपाना है या पूरे बालों को कलर करना है। अगर कुछ ही सफेद बाल दिखाई दे रहे हैं, तो अस्थायी रूट कवर या टच अप कर सकते हैं। वहीं, अगर बालों में सफेदी ज्यादा है और आप लंबे समय तक रंग बनाए रखना चाहते हैं, तो स्थायी हेयर कलर का विकल्प चुन सकते हैं। कम सफेद बालों को बाकी बालों के नेचुरलरंग के साथ मिलाकर दिखाने के लिए सेमी परमानेंट कलर या हाइलाइट्स भी किया जा सकता है। सही तरीका चुनते समय अपने बालों की स्थिति, सफेद बालों की मात्रा और मनचाहे लुक को ध्यान में जरुर रखें।
अगर आप पूरे बालों को कलर नहीं करना चाहते, तो सफेद बालों को कुछ समय के लिए छिपाने के लिए बालों की जड़ों पर कलर स्प्रे या पाउडर लगा सकते हैं। इसके अलावा, बालों की मांग दूसरी तरफ निकाल सकते हैं या हेयर एक्सेसरीज का इस्तेमाल कर सकते हैं। सफेद बालों को बाकी बालों के रंग के साथ मिलाने के लिए अस्थायी हाइलाइट्स या कलर एक्सटेंशन भी लगा सकते हैं।
हेयर कलर चुनते समय अगर आप नेचुरल लुक चाहते हैं, तो अपने मौजूदा बालों से मिलता-जुलता शेड चुन सकते है।
हेयर कलर इस्तेमाल करने से पहले पैक पर दिए निर्देशों के अनुसार एलर्जी टेस्ट करें। पैच टेस्ट के बाद अगर खुजली, जलन, लालिमा या सूजन जैसी परेशानी हो, तो उस कलर का इस्तेमाल न करें।
कलर लगाने से पहले बालों को अच्छी तरह सुलझा लें और उन्हें छोटे-छोटे हिस्सों में बांट लें। इससे बालों की जड़ों तक कलर लगाना आसान होता है और कोई हिस्सा छूटने की आशंका कम रहती है। इसके बाद कलर लगाते समय दस्ताने पहनें और त्वचा पर दाग लगने से बचने के लिए पैक पर दिए निर्देशों का पालन करें।
अगर सफेद बाल मुख्य रूप से जड़ों के पास दिखाई दे रहे हैं, तो कलर लगाते समय उन हिस्सों पर खास ध्यान दें। बालों को छोटे सेक्शन में बांटकर पैक पर दिए निर्देशों के अनुसार कलर लगाएं।
हेयर कलर को बालों में कितनी देर रखना है, यह उसके प्रकार और पैक पर दिए निर्देशों पर निर्भर करता है। बेहतर रंग पाने के लिए कलर को जरूरत से ज्यादा देर तक न रखें।
हेयर कलर करने के बाद बालों की देखभाल करना भी जरूरी है। इसके लिए कलर किए बालों के अनुकूल शैंपू और कंडीशनर का इस्तेमाल करें।
डिस्क्लेमर: अगर स्कैल्प पर घाव, जलन या सूजन है, या पहले हेयर कलर से गंभीर एलर्जी हो चुकी है, तो इस्तेमाल करने से पहले त्वचा विशेषज्ञ से सलाह लें।
Updated on:
26 Oct 2026, 12:58 PM IST
Published on:
26 Oct 2026, 12:58 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.