
करवा चौथ 2026 के लिए Makeup Tips (file photo) image credit instagram/ shreya_kumar_makeovers
Long Lasting Makeup Tips for Karwa Chauth: करवा चौथ 2026 आने में अब ज्यादा दिन नहीं बचे हैं। महिलाएं पूजा की सामग्री, सरगी और कपड़ों के साथ ज्वेलरी और मेकअप की तैयारियों में भी जुट गई हैं। इस दिन महिलाएं सोलह श्रृंगार करके तैयार होती हैं। ऐसे में पूजा और घर के कामों के बीच ज्यादातर महिलाएं चाहती हैं कि एक बार ऐसा मेकअप करें, जो शाम की पूजा से लेकर चांद देखने तक अच्छा दिखे। लेकिन घर के काम करने, पसीने और चेहरे पर आने वाले तेल की वजह से मेकअप हल्का पड़ सकता है या फैलने लगता है। ऐसे में कुछ बातों का ध्यान रखकर मेकअप को लंबे समय तक फ्रेश बनाए रखने में मदद मिल सकती है। आइए जानते हैं लॉन्ग लास्टिंग मेकअप करने का तरीका।
मेकअप लंबे समय तक टिका रहे और अच्छा दिखे, इसके लिए स्किन प्रेप करना जरूरी है। सबसे पहले चेहरे को हल्के फेस वॉश से साफ करें। इसके बाद अपनी त्वचा के अनुसार मॉइस्चराइजर लगाएं। जरूरत के हिसाब से टोनर का इस्तेमाल भी कर सकती हैं।
मेकअप शुरू करने से पहले अपनी त्वचा के अनुसार प्राइमर लगाएं। इसके बाद अपनी त्वचा के रंग से मेल खाता फाउंडेशन लगाएं। एक बार में बहुत ज्यादा फाउंडेशन लगाने के बजाय इसे थोड़ी-थोड़ी मात्रा में लगाएं और अच्छी तरह ब्लेंड करें। इससे चेहरा भारी या परतदार नहीं दिखेगा।अगर आप ग्लोइंग मेकअप करना चाहती हैं, तो प्राइमर के बाद हल्का लिक्विड हाइलाइटर या स्ट्रोब क्रीम लगा सकती हैं। इसे फाउंडेशन के साथ मिलाकर भी इस्तेमाल किया जा सकता है।
फाउंडेशन लगाने के बाद अगर चेहरे पर दाग-धब्बे या पिगमेंटेशन नजर आ रहा है, तो उन हिस्सों पर थोड़ी मात्रा में कंसीलर लगाकर अच्छी तरह ब्लेंड करें। हाइलाइट करने के लिए फाउंडेशन से एक शेड हल्का कंसीलर आंखों के नीचे, नाक के बीच और जरूरत के अनुसार गालों के ऊपरी हिस्से पर लगाएं। इसके बाद चेहरे को आकार देने के लिए अपने फेस शेप के अनुसार हल्का कंटूर लगाएं और गालों पर ब्लश लगाएं। ध्यान रखें कि सभी प्रोडक्ट अच्छी तरह ब्लेंड हों, ताकि चेहरे पर अलग-अलग परतें नजर न आएं।
बेस मेकअप पूरा करने के बाद चेहरे के उन हिस्सों पर हल्का सेटिंग पाउडर लगाएं, जहां पसीना या तेल ज्यादा आता है।
करवा चौथ पर आंखों का मेकअप पूरे लुक को खास बना सकता है। इसके लिए आप अपनी साड़ी या लहंगे के रंग से मेल खाता आईशैडो चुन सकती हैं। अगर आपको ज्यादा मेकअप करना पसंद नहीं है, तो स्मज रेजिस्टेंट या वॉटरप्रूफ काजल, आईलाइनर और मस्कारा लगाकर भी खूबसूरत लुक पा सकती हैं।
लिपस्टिक को लंबे समय तक टिकाने और पैची होने से बचाने के लिए पहले होंठों पर लिप बाम लगाएं। कुछ देर बाद अतिरिक्त लिप बाम को टिश्यू से हल्के हाथों से हटा दें। इसके बाद लिपस्टिक के रंग से मिलता हुआ लिप लाइनर लगाएं और फिर लॉन्ग-लास्टिंग और स्मज-प्रूफ लिपस्टिक की पतली परत लगाएं। जरूरत पड़ने पर दूसरी हल्की परत भी लगा सकती हैं।
मेकअप पूरा करने के बाद सेटिंग स्प्रे का इस्तेमाल कर सकती हैं। इसे चेहरे से उचित दूरी पर रखकर प्रोडक्ट के निर्देशों के अनुसार स्प्रे करें और आंखें बंद रखें।
Updated on:
26 Oct 2026, 2:08 PM IST
Published on:
26 Oct 2026, 2:08 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.