
Chai Barfi: चाय के शौकीनों के लिए एक कप चाय हर मौसम में खास होती है। ब्लैक टी से लेकर मसाला चाय और दूध वाली चाय तक, आज के समय में चाय की कई वैरायटी लोगों के बीच काफी पसंद की जाती हैं। लेकिन क्या आपने कभी चाय के स्वाद वाली बर्फी खाई है? अगर नहीं, तो इस फेस्टिव सीजन में कुछ अलग और खास बनाने के लिए चाय बर्फी घर पर बड़ी आसानी से बना सकते हैं। चाय के स्वाद से भरपूर यह बर्फी खाने में स्वादिष्ट होने के साथ ही देखने में भी काफी यूनिक लगती है और इसे घर पर आसानी से तैयार किया जा सकता है। आइए जानते हैं चाय बर्फी बनाने की रेसिपी।
स्टेप 1: चाय बर्फी बनाने के लिए सबसे पहले एक पैन में एक कप दूध डालें। इसमें दो टेबलस्पून चायपत्ती और चार इलायची डालें।
स्टेप 2: दूध को दो से चार मिनट तक अच्छी तरह उबालें, ताकि इसमें चाय और इलायची का स्वाद अच्छी तरह आ जाए।
स्टेप 3: अब तैयार चाय को छानकर अलग रख दें।
स्टेप 4: दूसरे पैन में दो कप मिल्क पाउडर डालें और इसमें चार टेबलस्पून चीनी मिलाएं।
स्टेप 5: अब इसमें तैयार की हुई चाय को छानकर डालें और स्पैचुला की मदद से सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें।
स्टेप 6: इस मिश्रण को धीमी आंच पर 10 से 15 मिनट तक पकाएं। इसे लगातार चलाते रहें, ताकि मिश्रण पैन में चिपके नहीं।
स्टेप 7: जब मिश्रण गाढ़ा होने लगे, तब इसमें दो टेबलस्पून घी डालें और अच्छी तरह मिलाएं।
स्टेप 8: मिश्रण को दो से चार मिनट तक और भूनें। जब यह पैन के किनारों को छोड़ने लगे, तो गैस बंद कर दें।
स्टेप 9: अब एक मोल्ड लें और उसमें पार्चमेंट पेपर लगाएं। तैयार मिश्रण को मोल्ड में डालकर स्पैचुला की मदद से अच्छी तरह फैला दें।
स्टेप 10: इसके ऊपर क्रश किए हुए नट्स और क्रश किए हुए बिस्किट डालें। इन्हें हल्के हाथ से दबाकर अच्छी तरह सेट कर दें।
स्टेप 11: अब इसे तीन से चार घंटे के लिए सेट होने के लिए छोड़ दें।
स्टेप 12: अच्छी तरह सेट होने के बाद इसे मोल्ड से निकालें और चाकू की मदद से मनचाहे आकार में काट लें।