लाइफस्टाइल

कुछ अच्छा खाने का है मन? Chef Ranveer Brar से जानें लखनऊ और आंध्रा स्टाइल पुलाव बनाने के सीक्रेट्स 

Pulao Recipe: अगर आप चावल से कुछ टेस्टी और अलग बनाकर खाने का सोच रहे हैं, तो आप शेफ रणवीर बरार द्वारा शेयर की गई मसाला और वेज पुलाव रेसिपी ट्राई कर सकते हैं।
2 min read
Aug 05, 2026
Veg Pulao Recipe, Masala Pulao Recipe
Pulao Recipe/ image credit youtube/ @RanveerBrar

Masala Pulao Recipe: बारिश के दिनों में अगर आप कुछ अच्छा बनाकर खाने का सोच रहे हैं, लेकिन समझ में नहीं आ रहा है कि क्या बनाएं, जो आसानी से बनने के साथ ही खाने में भी टेस्टी लगे, तो आप शेफ रणवीर बरार द्वारा शेयर किए गए आंध्रा स्टाइल वेज पुलाव या लखनऊ स्टाइल मसाला पुलाव बना सकते हैं। आइए जानते हैं, किन बातों का ध्यान रखकर आप परफेक्ट पुलाव बना सकते हैं।

शेफ रणवीर बरार से जानें आंध्रा स्टाइल वेज पुलाव बनाने के टिप्स

आंध्रा स्टाइल वेज पुलाव बनाने के लिए सबसे पहले काली मिर्च, जीरा, धनिया, मेथी, बड़ी इलायची, देगी मिर्च और थोड़ी हींग को बारीक पीसकर मसाला तैयार करें। इसके बाद सब्जियों को मीडियम साइज में काटें, ताकि वे चावल के साथ सही तरीके से पकें। अगर आप गोभी इस्तेमाल कर रहे तो ध्यान दें गोभी को नमक वाले पानी में भिगोकर ही इस्तेमाल करें। इसके अलावा पुलाव तुरंत खाना हो तो प्याज डाल सकते हैं, लेकिन लंबे समय तक रखना हो तो प्याज और लहसुन न डालें।

चावल को धोकर करीब 30 मिनट भिगोना जरूरी है और मसाले को हल्का भूनकर ही चावल डालें। चावल पकाते समय पहले तेज आंच पर उबाल आने दें, फिर धीमी आंच पर पकाएं। इससे चावल लंबे और अच्छी तरह पके रहते हैं। पुलाव पकने के बाद तुरंत न चलाएं। पहले गैस बंद करके कुछ मिनट चावल को सेट होने दें। आखिर में पुलाव को हल्के हाथ से खोलें और इसे चटनी के साथ सर्व करें।

लखनऊ स्टाइल मसाला पुलाव बनाने के लिए जरूरी टिप्स

लखनऊ स्टाइल मसाला पुलाव बनाते समय सख्त सब्जियों जैसे गाजर, फूलगोभी, आलू और मटर का पहले इस्तेमाल करें, जबकि बीन्स को बाद में डालें, ताकि उसका रंग खराब न हो। पुलाव का स्वाद अच्छा बनाने के लिए घी या तेल में प्याज को हल्का भूरा होने तक पकाएं। इसके अलावा दही को हमेशा अच्छी तरह फेंटकर डालें और प्याज को ज्यादा न जलने दें। मसाला अच्छी तरह पकने के बाद नमक डालें और लखनऊ वाला स्वाद देने के लिए थोड़ा-सा केवड़ा पानी भी डाल सकते हैं। चावल को कम से कम 20 मिनट भिगोकर इस्तेमाल करें। चावल में उबाल आने के बाद आंच धीमी कर दें और चावल को बार-बार न चलाएं, इससे चावल टूट सकते हैं। पुलाव पकने के बाद गैस बंद करके इसे ढककर कम से कम 10–15 मिनट आराम दें। इससे चावल अच्छी तरह सेट होंगे और चिपचिपे नहीं होंगे। आखिर में पुलाव को हल्के हाथ से खोलें और ऊपर से घी और हरा धनिया डालकर सर्व करें।

Updated on:
05 Aug 2026 05:39 pm
Published on:
05 Aug 2026 05:29 pm