लाइफस्टाइल

फटी एड़ियों से लेकर अंगूठे की दरारों तक, Mayo Clinic से जानें देखभाल के तरीके

Cracked Heels: सर्दियों के आते ही फटी एड़ियों या उंगलियों की समस्या आम हो जाती है। आइए मेयो क्लिनिक से जानते हैं कि इनसे बचने के लिए किन बातों का ध्यान रखना चाहिए और क्या नहीं करना चाहिए।
3 min read
• •
Updated: 23 Oct 2026, 12:33 PM IST
Cracked Heels
Cracked Heels के लिए टिप्स (representative image) image credit gemini

Cracked Thumb Tip: मौसम बदलने पर चलने वाली ठंडी हवाओं और नमी की कमी के कारण त्वचा रूखी होने लगती है। इसके चलते कुछ लोगों की एड़ियां और हाथों के अंगूठे या उंगलियां फटने लगते हैं, जिससे चलने-फिरने या रोजमर्रा के काम करने में दर्द और परेशानी होती है। ज्यादातर लोग इसे मौसम का बदलाव समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन सही देखभाल न करने पर यह समस्या और बढ़ सकती है। ऐसे में सर्दियों के दौरान इस परेशानी से राहत पाने के लिए कुछ आसान उपाय अपनाए जा सकते हैं। आइए जानते हैं त्वचा की देखभाल से जुड़े खास टिप्स।

एड़ियों की त्वचा फटने पर क्या करें? (Treatment for Cracked Heels)

मेयो क्लिनिक (Mayo Clinic) के अनुसार, जब एड़ियों की त्वचा बहुत ज्यादा रूखी हो जाती है, तो उसमें गहरी दरारें (क्रैक्ड हील्स) पड़ने लगती हैं। अगर समय पर इनका ध्यान न रखा जाए, तो दर्द बढ़ सकता है और इन्फेक्शन का खतरा भी हो सकता है। फटी एड़ियों को ठीक रखने के लिए ये उपाय अपना सकते हैं:

  • मॉइस्चराइजर लगाएं: फटी एड़ियों को मुलायम रखने के लिए दिन में कम से कम दो बार कोई गाढ़ा (Thick) मॉइस्चराइजर लगाएं। ऐसा लोशन चुनें जो त्वचा की नमी को लॉक करके रखे। कुछ क्रीम्स में यूरिया, सैलिसिलिक एसिड या अल्फा हाइड्रॉक्सी एसिड जैसे चीजें होते हैं, जो सख्त और मृत त्वचा (Dead Skin) को नरम करने में मदद करते हैं। हालांकि, इनसे हल्की जलन हो सकती है, इसलिए इन्हें निर्देश के मुताबिक ही इस्तेमाल करें और ज्यादा दिक्कत होने पर डॉक्टर की सलाह लें।
  • सोने से पहले पैरों की देखभाल करें: रात को सोने से पहले अपने पैरों को करीब 10 मिनट के लिए गुनगुने पानी में डुबोकर रखें। इसके बाद तौलिए से हल्के हाथों से पोंछ लें। अगर एड़ियों पर कड़ी परत जमी है, तो प्यूमिस स्टोन या फुट स्क्रबर से बहुत हल्के से साफ करें। त्वचा को कभी भी जोर से न रगड़ें और न ही दरारों को खींचकर निकालने की कोशिश करें।
  • पेट्रोलियम जेली या गाढ़ी क्रीम लगाएं: पैर धोने के बाद, जब त्वचा में हल्की नमी बाकी हो, तभी एड़ियों पर पेट्रोलियम जेली या कोई भारी तेल आधारित क्रीम लगाएं। इससे नमी अंदर ही बंद रहती है। इसके बाद सूती (Cotton) मोजे पहनकर सोएं, जिससे क्रीम पूरी रात त्वचा पर बनी रहे और एड़ियों को सुरक्षा मिले।
  • दरारों को सुरक्षित रखें: अगर एड़ियों में गहरी दरारें हैं और चलने में दर्द होता है, तो 'लिक्विड बैंडेज' (Liquid Bandage) का इस्तेमाल करके दरारों को सील कर सकते हैं। अगर घर पर देखभाल करने के बाद भी आराम न मिले, खून निकले या सूजन जैसी दिक्कत हो, तो तुरंत डॉक्टर को दिखाएं।

अंगूठे के सिरे की त्वचा फटने पर क्या करें? (How to Heal Cracked Skin at Thumb Tip)

सर्दियों में सिर्फ एड़ियां ही नहीं, बल्कि हाथों की उंगलियों और खासतौर पर अंगूठे के सिरे भी फटने लगते हैं। मेयो क्लिनिक (Mayo Clinic) के मुताबिक, बार-बार हाथ धोने, गर्म पानी से बर्तन साफ करने या तेज केमिकल वाले साबुन इस्तेमाल करने से यह समस्या बढ़ जाती है। अंगूठे फटने पर काफी जलन और दर्द होता है, इसलिए इस पर ध्यान रखना जरूरी है-

  • गर्म पानी और तेज साबुन से बचें: अगर आप रोजाना गर्म पानी से बर्तन धोते हैं, तो हाथों में रबर या प्लास्टिक के दस्ताने (Gloves) पहनें। इससे हाथों का प्राकृतिक तेल और नमी सुरक्षित रहती है। हाथ धोने के लिए कड़े केमिकल वाले साबुनों की जगह किसी माइल्ड और जेंटल सोप का इस्तेमाल करें। बहुत ज्यादा गर्म पानी से हाथ धोने से बचें।
  • मॉइस्चराइजर लगाएं: अंगूठे की फटी त्वचा को ठीक करने के लिए दिन में कई बार हाथों पर क्रीम लगाएं। सबसे सही समय तब होता है जब आप हाथ धोने के तुरंत बाद हल्के गीले हाथों पर ही थिक लोशन या क्रीम लगा लें, जिससे नमी अंदर बनी रहे।
  • लिक्विड बैंडेज का इस्तेमाल करें: पैरो के साथ ही अगर हाथ के अंगूठे के सिरे पर भी दरारें हैं, तो इसके लिए भी आप लिक्विड बैंडेज का इस्तेमाल कर सकते हैं।
  • क्रीम या पेट्रोलियम जेली लगाएं: रात को सोने से पहले अंगूठे के सिरों पर अच्छी तरह पेट्रोलियम जेली या कोई भारी क्रीम लगाएं। इसके बाद उस जगह पर साफ गॉज (Gauze) लपेटकर मेडिकल टेप लगा लें या सूती दस्ताने पहनकर सो जाएं। पूरी रात नमी मिलने से फटी त्वचा बहुत जल्दी ठीक होने लगती है।

इन बातों का रखें ध्यान

  • त्वचा को कभी भी नाखूनों से न खुरचें और न ही सूखी पपड़ी को जोर से खींचकर निकालें।
  • फटी हुई जगह पर तेज खुशबू वाले या कड़े केमिकल वाले प्रोडक्ट्स लगाने से बचें।
  • पानी का काम करते समय हाथों में ग्लव्स जरूर पहनें और दिन में कई बार मॉइस्चराइजर लगाते रहें।
  • अगर दरारों में तेज दर्द, लालिमा, सूजन या खून आने जैसी समस्या हो, तो त्वचा विशेषज्ञ (डर्मेटोलॉजिस्ट) से संपर्क करें।

डिस्क्लेमर: यह लेख इंटरनेट पर उपलब्ध जानकारी के आधार पर सामान्य जागरूकता के उद्देश्य से लिखा गया है। यह किसी भी मेडिकल सलाह का विकल्प नहीं है। त्वचा संबंधी कोई भी समस्या होने पर हमेशा योग्य विशेषज्ञ से परामर्श करें

Updated on:
23 Oct 2026, 12:33 PM IST
Published on: