
Alkaline Water के फायदे (representative image) image credit Magnific
Alkaline Water Benefits: हेल्दी रहने के लिए आजकल लोग अपनी डाइट में कई तरह के बदलाव करते रहते हैं। सोशल मीडिया पर भी सेहत से जुड़े कई ट्रेंड देखने को मिलते हैं, जिनमें हेल्दी रेसिपी से लेकर खाने-पीने के नए तरीके शामिल होते हैं। इन्हीं में से एक है सामान्य पानी की जगह अल्कलाइन पानी पीना भी है। आइए जानते हैं कि अल्कलाइन पानी क्या है, इसके संभावित फायदे क्या हैं और इसे पीते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।
मेयो क्लिनिक (Mayo Clinic) के अनुसार, जिस पानी का पीएच (pH) सामान्य पानी की तुलना में ज्यादा होता है, उसे अल्कलाइन पानी कहा जाता है। बाजार में मिलने वाले अल्कलाइन पानी का पीएच बढ़ाने के लिए उसमें कैल्शियम और मैग्नीशियम जैसे मिनरल्स मिलाए जा सकते हैं। वहीं, कुछ पानी प्राकृतिक रूप से भी ज्यादा क्षारीय होता है।
मेयो क्लिनिक के मुताबिक, ज्यादातर लोगों के लिए अल्कलाइन पानी सामान्य पीने के पानी से बेहतर साबित नहीं हुआ है। शरीर में एसिड और क्षार का संतुलन बनाए रखने के लिए अपने प्राकृतिक तंत्र होते हैं, जिनमें फेफड़े और किडनी अहम भूमिका निभाते हैं।
अल्कलाइन पानी को लेकर दावा किया जाता है कि यह शरीर में अतिरिक्त एसिड को बेअसर करने और कई बीमारियों से बचाने में मदद कर सकता है। हालांकि, इन दावों को साबित करने के लिए पर्याप्त वैज्ञानिक प्रमाण उपलब्ध नहीं हैं।
अल्कलाइन पानी के संभावित फायदों को लेकर कुछ शोध किए गए हैं। इनमें हड्डियों से कैल्शियम जैसे मिनरल्स के नुकसान को कम करने, एसिड रिफ्लक्स से राहत देने और शरीर में एसिड-बेस संतुलन पर इसके असर का अध्ययन किया गया है। हालांकि, इन फायदों की पुष्टि करने के लिए अभी पर्याप्त वैज्ञानिक प्रमाण उपलब्ध नहीं हैं।
अल्कलाइन पानी हर व्यक्ति के लिए जरूरी नहीं है। खासकर बहुत ज्यादा पीएच वाले पानी का इस्तेमाल करते समय सावधानी बरतनी चाहिए। मेयो क्लिनिक के अनुसार, 9.8 से ज्यादा पीएच वाले अल्कलाइन पानी को लेकर कुछ सुरक्षा संबंधी परेशानियां हैं। ऐसे पानी से खून में पोटैशियम का स्तर बढ़ने यानी हाइपरकलीमिया का खतरा हो सकता है। खून में पोटैशियम की मात्रा बहुत ज्यादा होने पर गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं। किडनी की बीमारी से पीड़ित लोगों को विशेष सावधानी रखनी चाहिए, क्योंकि उनकी किडनी शरीर से अतिरिक्त पोटैशियम निकालने में परेशानी महसूस कर सकती है। ऐसे लोगों को अल्कलाइन पानी नियमित रूप से पीने से पहले डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए।
मेयो क्लिनिक के अनुसार, ज्यादातर लोगों के लिए सामान्य पीने का पानी रोजाना हाइड्रेटेड रहने का अच्छा विकल्प है। शरीर में पानी की कमी पूरी करने के लिए जरूरी है कि आप अपनी जरूरत के अनुसार पर्याप्त पानी पिएं। अल्कलाइन पानी के कई स्वास्थ्य संबंधी दावों को साबित करने के लिए पर्याप्त वैज्ञानिक प्रमाण नहीं हैं। इसलिए केवल बेहतर सेहत की उम्मीद में महंगा अल्कलाइन पानी खरीदना जरूरी नहीं है। अगर आपको किडनी की बीमारी है या डॉक्टर ने पानी और मिनरल्स के सेवन को लेकर कोई खास सलाह दी है, तो उसी के अनुसार पानी का चुनाव करें।
डिस्क्लेमर: यह लेख इंटरनेट पर उपलब्ध जानकारियों के आधार पर लिखा गया है। यह लेख चिकित्सकीय सलाह का विकल्प नहीं है। किसी भी स्वास्थ्य समस्या में किस तरह का पानी पीना आपके लिए सही है, इसके लिए डॉक्टर से सलाह लें।
Updated on:
22 Oct 2026 01:51 pm
Published on:
22 Oct 2026 01:51 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
