
Garlic Coriander Soup Recipe (screenshot) image credit instagram/theexcitedcookandtraveller
Garlic Soup Recipe: कुछ जगहों पर हल्की सर्दियां शुरू हो गई हैं। ऐसे मौसम में लोग गर्मागर्म चाय और कॉफी पीना पसंद करते हैं। लेकिन अगर आप चाय या कॉफी के बदले कुछ गर्म और टेस्टी पीना चाहते हैं, तो गार्लिक कोरिएंडर सूप ट्राई कर सकते हैं। इसे बनाना काफी आसान है और इसके लिए ज्यादा चीजों की जरूरत भी नहीं होती। लहसुन, हरा धनिया और काली मिर्च से तैयार होने वाला यह सूप स्वाद में काफी अच्छा होता है। आइए जानते हैं इसे बनाने के लिए जरूरी सामग्री और तरीका।
स्टेप 1: तेल या घी गर्म करें
गार्लिक कोरिएंडर सूप बनाने के लिए सबसे पहले एक पैन में 1 छोटा चम्मच तेल या घी गर्म करें। अब इसमें दालचीनी का आधा टुकड़ा, लहसुन की कलियां और बारीक कटे हुए हरे धनिये के डंठल डालें। इन्हें करीब 1 मिनट तक पकाएं, ताकि लहसुन और धनिये की खुशबू अच्छी तरह आने लगे।
स्टेप 2: पानी और मसाले डालें
अब पैन में 2 कप पानी डालें। इसके बाद इसमें कुटी हुई काली मिर्च, स्वाद के अनुसार नमक और कटा हुआ हरा धनिया डाल दें। सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें।
स्टेप 3: सूप को पकने दें
अब सूप को धीमी आंच पर 3-4 मिनट तक उबलने दें। इससे लहसुन, दालचीनी और हरे धनिये का स्वाद सूप में अच्छी तरह मिल जाएगा।
स्टेप 4: नींबू का रस डालकर सर्व करें
जब सूप तैयार हो जाए, तो इसे एक बाउल में निकाल लें। ऊपर से थोड़ा सा नींबू का रस डालें और गर्मागर्म सर्व करें। इससे सूप का स्वाद और भी अच्छा लगेगा।
गार्लिक कोरिएंडर सूप उन लोगों के लिए अच्छा ऑप्शन है, जो घर पर कम समय में कुछ हल्का और टेस्टी बनाना चाहते हैं। इसमें लहसुन का स्वाद, हरे धनिये की खुशबू और काली मिर्च का हल्का तीखापन मिलता है। ठंड के मौसम में शाम के समय कुछ गर्म पीने का मन हो, तो इस आसान रेसिपी को ट्राई कर सकते हैं। इसे हेल्दी बनाने के लिए इसमें गाजर, पालक, ब्रोकली या बीन्स जैसी सब्जियां भी शामिल कर सकते हैं। इसके लिए अपनी पसंद की सब्जियों को बारीक काटकर लहसुन के साथ भून लें फिर पानी डालें।
Updated on:
21 Oct 2026 02:44 pm
Published on:
21 Oct 2026 02:43 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
