
Stress Relief Tips: सोशल मीडिया पर लाइफस्टाइल से जुड़े टिप्स, ट्रिक और हैक्स के साथ ही कई ऐसे गैजेट और ज्वेलरी भी लोग शेयर करते हैं, जिनसे उन्हें डेली लाइफ में मदद मिल सकती है। ऐसी ही एक चीज है एंग्जायटी रिंग। ये एक ऐसी अंगूठी होती है, जिसे उंगली में पहनकर घुमाया या खिसकाया जा सकता है। इस रिंग को लेकर लोगों का दावा है कि इससे घबराहट कम होती है। ऐसे में आइए जानते हैं कि ये रिंग क्या होती है, कैसे काम करती है और इसे पहनना चाहिए या नहीं।
घबराहट या स्ट्रेस होने पर लोग अपने आप कुछ ढूंढने लगते हैं। कोई पेन घुमाने लगता है, कोई दुपट्टे या कपड़े का कोना मरोड़ने लगता है, तो कोई उंगलियां चटकाने लगता है। एंग्जायटी रिंग भी कुछ ऐसी ही है।
क्लीवलैंड क्लिनिक (Cleveland Clinic) के अनुसार, एंग्जायटी रिंग एक अंगूठी ही है। कुछ रिंग्स में छोटे मोती होते हैं जिन्हें घुमाया जा सकता है, और कुछ में एक बैंड के अंदर दूसरा बैंड होता है, जिसे उंगली या अंगूठे से घुमाने पर बीच का हिस्सा घूमता है। ये अलग-अलग धातुओं, डिजाइनों और पर्सनलाइज्ड ऑप्शन में मिल जाती हैं। इसलिए ऐसी रिंग चुनें जो आपको पसंद आए और जिससे आप जुड़ाव महसूस करें।
इसके लिए रिंग को उंगली में पहन लें, और जब घबराहट महसूस हो, तो अपना पूरा ध्यान मोतियों को घुमाने या बैंड को घुमाने पर लगा दें। क्लीवलैंड क्लिनिक (Cleveland Clinic) के मुताबिक, कोई भी चीज जो आपका ध्यान घबराहट वाली बात से हटाए, मदद कर सकती है। ये एक तरह की "ग्राउंडिंग तकनीक" है, जिसमें आप अपने विचारों को दूसरी दिशा में मोड़ते हैं।
क्लीवलैंड क्लिनिक (Cleveland Clinic) के मुताबिक, एंग्जायटी रिंग आपके मेंटल हेल्थ के टूलबॉक्स में रखने के लिए एक अच्छा छोटा औजार हो सकती है, लेकिन ये अकेले काफी नहीं है। साथ ही ध्यान रहे कि एंग्जायटी रिंग्स पर ठोस वैज्ञानिक अध्ययन सीमित हैं, इसलिए इनसे ज्यादा उम्मीद न रखें। ये रिंग तनाव के पलों में शांत होने में मदद कर सकती है, लेकिन ये कोई इलाज नहीं है। अगर घबराहट बार-बार होती है, तो किसी थेरेपिस्ट या डॉक्टर से बात करना बेहतर है।
डिस्क्लेमर: यह लेख इंटरनेट पर उपलब्ध जानकारी के आधार पर केवल सामान्य जानकारी के लिए लिखा गया है। यह डॉक्टर की सलाह या इलाज का विकल्प नहीं है। घबराहट, तनाव या मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी कोई भी परेशानी होने पर योग्य डॉक्टर या मेंटल हेल्थ एक्सपर्ट से संपर्क करें।