
Lip Care Tips: रूखे और फटे होंठ न सिर्फ देखने में अच्छे नहीं लगते, बल्कि कई बार इनमें जलन और परेशानी भी होने लगती है। ऐसे में अगर आप भी फटे होंठों से परेशान हैं और अपने होंठों को सॉफ्ट और हेल्दी बनाना चाहते हैं, लेकिन इसके लिए महंगे लिप केयर प्रोडक्ट्स पर पैसे खर्च नहीं करना चाहते, तो यहां बताए गए कुछ आसान टिप्स फॉलो करके अपने होंठों की ड्राईनेस और फटने की समस्या से राहत पा सकते हैं। आइए जानते हैं, लिप केयर से जुड़ी कुछ आसान टिप्स।
अमेरिकन एकेडमी ऑफ डर्मेटोलॉजी (AAD) के अनुसार, ठंडा और शुष्क मौसम, सूरज से होने वाला नुकसान और बार-बार होंठों को चाटना कुछ ऐसे कारण हैं, जिनकी वजह से होंठ सूखे और फट सकते हैं। इसके अलावा, बार-बार होंठों को चाटने से यह समस्या और बढ़ सकती है, क्योंकि लार के सूखने के बाद होंठ पहले से ज्यादा ड्राई हो सकते हैं।
फटे होंठों पर ऐसे लिप बाम, लिपस्टिक या दूसरे प्रोडक्ट्स लगाने से बचें, जिनसे जलन, चुभन या जलने जैसा महसूस हो। इसके बदले बिना जलन वाला लिप बाम या लिप मॉइस्चराइजर दिन में 5-7 बार और सोने से पहले लगा सकते हैं। इसके अलावा, अगर होंठ बहुत ज्यादा सूखे और फटे हैं, तो व्हाइट पेट्रोलियम जेली जैसे गाढ़े ऑइंटमेंट का इस्तेमाल भी कर सकते हैं।
धूप से भी होंठों को नुकसान हो सकता है। इसलिए बाहर जाने से पहले SPF 30 या उससे ज्यादा वाला लिप बाम लगाएं। इसके साथ ही, बाहर रहने के दौरान इसे हर 2 घंटे बाद दोबारा लगाएं।
अगर आपके होंठ ड्राइनेस की वजह से फट रहे हैं, तो शरीर को हाइड्रेटेड रखने के लिए आप अपनी जरूरत के हिसाब से पर्याप्त पानी पिएं।
कुछ लोग जब होंठ सूख जाते हैं या फट जाते हैं, तो उन्हें चाटने, दांतों से काटने या फटी स्किन को हटाने के लिए हाथों से नोचने लगते हैं, लेकिन इससे समस्या और बढ़ सकती है। ऐसा करने से होंठों में जलन हो सकती है और उनके ठीक होने में रुकावट आ सकती है।
अगर आपको मुंह से सांस लेने की आदत है, तो सोते समय बेडरूम में ह्यूमिडिफायर का इस्तेमाल कर सकते हैं। इससे हवा में नमी बढ़ाने में मदद मिलेगी, जिससे होंठों की ड्राईनेस कम हो सकती है।
होंठों पर लिप स्क्रब को हल्के हाथों से लगाने से होंठों पर जमी डेड स्किन निकलने में मदद मिल सकती है। इसके लिए आप वैसलीन या नारियल तेल और चीनी का इस्तेमाल कर सकते हैं। DIY स्क्रब बनाने के लिए सबसे पहले कॉटन पैड पर थोड़ी सी वैसलीन या नारियल तेल लगाएं और फिर इसे बारीक चीनी डालें। इसके बाद होंठों को थोड़ा पानी लगाकर गीला कर लें। अब कॉटन पैड से होंठों पर हल्के हाथों से गोल-गोल घुमाते हुए रगड़ें। इसके बाद टिश्यू से होंठों पर लगी एक्स्ट्रा वैसलीन और चीनी को साफ कर लें और आखिर में लिप बाम लगाएं।
अगर आप अपने होंठों को ज्यादा सॉफ्ट बनाना चाहते हैं या आपके लिप्स ज्यादा ड्राई हैं, तो आप लिप मास्क का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। आमतौर पर लिप केयर टिप्स फॉलो करने पर फटे होंठ 2 से 3 सप्ताह में बेहतर हो सकते हैं। लेकिन अगर इस दौरान सुधार न हो, तो डर्मेटोलॉजिस्ट को दिखाना चाहिए।