लाइफस्टाइल

कान छिदवाने के बाद इन गलतियों से हो सकता है इंफेक्शन, जानिए कैसे रखें देखभाल

Ear Piercing Healing Time: कान छिदवाने के बाद सही देखभाल न करने से इन्फेक्शन का खतरा बढ़ जाता है। आइए जानते हैं पियर्सिंग के दर्द से राहत पाने, घाव जल्दी भरने और कानों को सुरक्षित रखने के लिए क्या करना चाहिए और क्या नहीं।
3 min read
• •
Updated: 13 Nov 2026, 10:47 AM IST
Ear Piercing Aftercare, Ear Piercing Healing Time
Ear Piercing के लिए टिप्स (Representative Image) Image Credit Magnific

Ear Piercing Aftercare: फैशन के चलते या अपनी पसंद की वजह से लोग कान छिदवाना पसंद करते हैं। हिंदू धर्म के सोलह संस्कारों में से यह भी एक संस्कार है, जिसे कर्णवेध कहा जाता है। ज्यादातर लोग ठंड के मौसम में कान छिदवाना पसंद करते हैं, क्योंकि माना जाता है कि इन दिनों में कान पकने के चांसेज कम रहते हैं। लेकिन मौसम कोई भी हो, इयर पियर्सिंग से जुड़ी सावधानियां बरतनी चाहिए। आइए जानते हैं कि कान छिदवाते वक्त दर्द कम करने के लिए क्या करें, हीलिंग में कितना टाइम लगता है और सफाई कैसे करें, ताकि इन्फेक्शन से बचा जा सके।

कान छिदवाने में होने वाले दर्द को कम करने के लिए क्या करना चाहिए?

क्लीवलैंड क्लिनिक (Cleveland Clinic) के अनुसार, कान छिदवाने के लिए सुई (needle) वाला तरीका बेहतर होता है, क्योंकि पियर्सिंग गन हर बार स्टरलाइज नहीं की जाती। अगर आप गन से कान छिदवा रहे हैं, तो पहले पूछ लें कि इस्तेमाल होने वाला सामान स्टरलाइज है या नहीं। इसके अलावा पियर्सर के हाथ साफ हों और वह दस्ताने पहने हो। दर्द कम करने के लिए कुछ पियर्सर नंबिंग क्रीम लगाते हैं, या आप चाहें तो छिदवाने से पहले थोड़ी देर कान पर आइस पैक या बर्फ का टुकड़ा रख सकते हैं।

पियर्सिंग को ठीक होने में कितना टाइम लगता है?

क्लीवलैंड क्लिनिक (Cleveland Clinic) के अनुसार, इयरलोब की पियर्सिंग आमतौर पर 6 से 8 हफ्ते में ठीक हो जाती है। कार्टिलेज वाली पियर्सिंग में ज्यादा टाइम लगता है, कई बार 6 महीने से लेकर साल भर तक। वहीं डेथ (Daith), रुक (Rook), कॉन्च (Conch), हेलिक्स (Helix) और ट्रेगस (Tragus) जैसी पियर्सिंग में आमतौर पर 6 से 12 महीने लग सकते हैं। ध्यान दें, पियर्सिंग की हीलिंग सिर्फ जगह पर नहीं, बल्कि सेहत और शरीर की हीलिंग क्षमता, ज्वेलरी किस मटेरियल की है और पियर्सिंग गन से हुई है या सुई से, इन बातों पर भी निर्भर करती है।

पियर्सिंग पूरी तरह ठीक हुई या नहीं, कैसे पता करें?

अगर छूने पर दर्द, लालिमा या सूजन नहीं है, आसपास पपड़ी या स्किन की परत नहीं दिख रही और ज्वेलरी आराम से घूम रही है, तो पियर्सिंग लगभग ठीक मानी जा सकती है। इससे पहले इयररिंग बदलने की जल्दी न करें। जब इयररिंग बदलें, तो हाइपोएलर्जेनिक इयररिंग चुनें, यानी ऐसा मेटल की इयररिंग जिससे एलर्जी का खतरा कम हो। आर्टिफिशियल इयररिंग में अक्सर निकल (nickel) होता है, जिससे कुछ लोगों को एलर्जी हो सकता है। 14 कैरेट गोल्ड, मेडिकल-ग्रेड स्टील और टाइटेनियम आमतौर पर सबसे सुरक्षित माने जाते हैं। इसके अलावा ध्यान रखें कि पियर्सिंग ठीक होने के बाद भी इयररिंग को कुछ घंटों से ज्यादा निकालकर न रखें, ऐसा करने से छेद बंद भी हो सकता है।

कान छिदवाने के बाद सफाई कैसे करनी चाहिए?

पियर्सिंग कराने के बाद दिन में दो बार, एक साफ कपड़े या वॉशक्लॉथ पर एंटीबैक्टीरियल साबुन का झाग बनाकर लगाकर पियर्सिंग के आगे और पीछे दोनों तरफ धीरे से साफ करने के बाद सेलाइन से साफ करें। सफाई से पहले हाथ अच्छी तरह धो लें। इसके साथ ही इयररिंग का बैकिंग न ढीला हो और न ही ज्यादा टाइट हो। सफाई के अलावा पियर्सिंग को बार-बार न छुएं।

कान छिदवाने के बाद इन्फेक्शन होने पर क्या संकेत दिखते हैं?

कान छिदवाने के शुरुआती दो-तीन दिन थोड़ी लालिमा, सूजन या दर्द होना आम है। लेकिन अगर ये लक्षण कम होने की जगह बने रहें, या ठीक होकर दोबारा लौट आएं, तो यह इन्फेक्शन का संकेत हो सकता है। ऐसे में अगर पियर्सिंग वाली जगह पर लगातार लालिमा या सूजन है, मवाद या खून जैसा डिस्चार्ज निकल रहा है, स्किन पर पपड़ी या परत बन रही है, या दर्द, खुजली और छूने पर तेज सेंसिटिविटी बनी हुई है, तो डॉक्टर से संपर्क करें।

डिस्क्लेमर: यह लेख इंटरनेट पर उपलब्ध जानकारी के आधार पर केवल सामान्य जानकारी के लिए लिखा गया है। यह किसी डॉक्टर की सलाह या इलाज का विकल्प नहीं है। कान की पियर्सिंग या त्वचा से जुड़ी कोई भी परेशानी होने पर डर्मेटोलॉजिस्ट या डॉक्टर से संपर्क करें।

Updated on:
13 Nov 2026, 10:47 AM IST
Published on: