नाखूनों पर बने आधे चांद का रंग लाल, नीला या पीला होना किस बात का संकेत है? जानें कब हो सकती है परेशानी
Half Moon On Nails: नाखूनों पर दिखने वाला आधा चांद क्या होता है? आइए जानते हैं, इसके रंग में बदलाव के पीछे क्या वजह हो सकती है और किन संकेतों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
Half Moon On Nails (Representative Image) Image Credit Magnific
Lunula: नाखूनों को ध्यान से देखने पर क्यूटिकल के पास आपको कभी न कभी आधे चांद जैसा निशान दिखा होगा। वहीं कई बार यह दिखाई नहीं देता, या कुछ लोगों के हाथों में यह दिखता है और कुछ लोगों के हाथों में नहीं। ऐसे में आइए जानते हैं कि नाखून पर आधा चांद दिखने का क्या मतलब होता है और इसके रंग में बदलाव से क्या पता चलता है।
नाखून पर दिखने वाला आधा चांद क्या होता है?
क्लीवलैंड क्लिनिक (Cleveland Clinic) के अनुसार, नाखून की जड़ में दिखने वाले आधे चांद को लुनुला (Lunula) कहते हैं। यह नेल मैट्रिक्स का वह हिस्सा है जो बाहर से दिखता है। नेल मैट्रिक्स वह जगह है जहां नाखून के नए सेल बनते हैं। लुनुला आमतौर पर साफ या सफेद दिखता है और सभी उंगलियों में एक जैसा नहीं होता। यह अंगूठे या पैर के बड़े अंगूठे में आमतौर पर बड़ा होता है। कम उम्र में यह ज्यादा साफ दिखता है और उम्र के साथ छोटा हो सकता है।
आधा चांद न दिखना क्या नाखूनों में किसी परेशानी की वजह है?
हर किसी में लुनुला होता है, लेकिन हर किसी में दिखाई नहीं देता। यह क्यूटिकल के नीचे छुपा हो सकता है या उम्र बढ़ने के साथ छोटा हो सकता है। अगर आपको नाखूनों में कोई और परेशानी नहीं है, तो इसका न दिखना आमतौर पर परेशानी की वजह नहीं है।
क्या आधे चांद के रंग से सेहत का पता चल सकता है?
लुनुला उस जगह पर होता है जहां नाखून के सबसे नए सेल बन रहे होते हैं, इसलिए कभी-कभी इसमें होने वाले बदलाव सेहत के बारे में कुछ संकेत दे सकते हैं। लुनुला के रंग बदलने पर ये बीमारियां जुड़ी हो सकती हैं-
लाल: लिवर से जुड़ी बीमारी (सिरोसिस), फेफड़ों की बीमारी या हार्ट फेलियर
नीला: विल्सन डिजीज, डायबिटीज या सिल्वर पॉइजनिंग
भूरा: किडनी की पुरानी बीमारी या किडनी फेलियर
सफेद: किडनी की बीमारी या टैरीज नेल्स (Terry’s Nails)
पीला: टेट्रासाइक्लिन दवा का इलाज या येलो नेल सिंड्रोम
ध्यान दें, सिर्फ लुनुला का रंग देखकर बीमारी का पता नहीं लगाया जा सकता है।
कब डॉक्टर को दिखाना चाहिए?
अगर आपको नाखूनों में बदलाव के साथ ही शरीर में कोई बदलाव दिख रहा है और साथ में दूसरे लक्षण भी महसूस हो रहे हैं, तो अपने डॉक्टर से संपर्क करें।
डिस्क्लेमर: यह इंटरनेट पर उपलब्ध जानकारी के आधार पर केवल सामान्य जानकारी के लिए लिखा गया है। यह किसी डॉक्टर की सलाह या इलाज का विकल्प नहीं है। नाखूनों से जुड़ी परेशानी होने पर डॉक्टर से संपर्क करें।