
Ear Wax Removal Tips: कुछ लोग नहाने के बाद या खाली समय में इयरबड, लकड़ी, चाबी जैसी किसी भी चीज से कान की सफाई करते रहते हैं। ज्यादातर लोगों को लगता है कि कान का मैल गंदगी है और उसे हटाना जरूरी है। लेकिन क्या सच में ऐसा है? आइए जानते हैं कि कान का मैल असल में क्या है, इसे साफ करना चाहिए या नहीं और डॉक्टर के पास कब जाना चाहिए।
कान के मैल को मेडिकल भाषा में सेरुमेन (cerumen) कहते हैं। क्लीवलैंड क्लिनिक (Cleveland Clinic) के अनुसार, कान का मैल गंदगी नहीं है, बल्कि यह कान की प्राकृतिक सुरक्षा का हिस्सा है। इसमें एंटीबैक्टीरियल और एंटीफंगल गुण होते हैं, जो कान को संक्रमण से बचाने में मदद करते हैं। इसके अलावा यह धूल और बालों जैसे बाहरी कणों से भी कान की सुरक्षा करता है।
कान में मैल जमने के कई कारण हो सकते हैं, जिनमें कॉटन बड्स या कोई भी चीज कान में डालना शामिल है। इससे मैल बाहर आने के बजाय अंदर की ओर धकेल दिया जाता है। इसके अलावा ईयरफोन, ईयरबड्स या हियरिंग एड का लंबे समय तक इस्तेमाल, कान की नली का संकरा या टेढ़ा होना, मैल का ज्यादा बनना और उम्र के साथ मैल का ज्यादा सूखा और सख्त हो जाना जैसे कारण भी हो सकते हैं।
कान में मैल जमने पर कान भरा-भरा या बंद-सा लग सकता है। सुनाई कम पड़ सकती है या आवाजें दबी हुई लग सकती हैं। इसके अलावा कान में हल्का दर्द या खुजली, कान में सीटी या घंटी जैसी आवाज और कभी-कभी चक्कर जैसा महसूस होना भी हो सकता है। ध्यान रहे, ऐसे लक्षण कान के संक्रमण में भी हो सकते हैं, इसलिए हर बार इसे सिर्फ मैल मान लेना सही नहीं है।
कान में तेज या लगातार दर्द होना, कान से पानी, पस या खून आना, अचानक सुनाई देना कम होना या बंद हो जाना, चक्कर आना या संतुलन बिगड़ना, बुखार के साथ कान में परेशानी महसूस होना, कान में लगातार घंटी या सीटी जैसी आवाज आना, कान के पीछे सूजन या चेहरे में कमजोरी महसूस होना, घरेलू तरीके आजमाने के बाद परेशानी बढ़ जाना या बार-बार मैल जमने जैसी स्थितियों में से कोई भी दिखाई दे, तो बिना देर किए डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।
डिस्क्लेमर: यह लेख इंटरनेट पर उपलब्ध जानकारियों के आधार पर लिखा गया है। कान से जुड़ी कोई भी समस्या होने पर घरेलू उपचार करने के बजाय योग्य चिकित्सक से परामर्श लें।