
Ear Foreign Body Removal (representative image) image credit Gemini
How To Remove A Foreign Body From The Ear: कान में कीड़ा या कोई भी चीज चले जाने पर सबसे पहले निकालने के लिए लोग घबराकर कान के अंदर उंगली, कॉटन बड या कोई दूसरी चीज डालने लगते हैं। इससे वह चीज बाहर निकलने के बजाय और अंदर जा सकती है और कान की नली या पर्दे को चोट भी लग सकती है। ऐसे में आइए जानते हैं कि कान में कोई चीज जाने पर सबसे पहले क्या करना चाहिए, क्या नहीं करना चाहिए और कब डॉक्टर को दिखाना जरूरी है।
अगर कान में कीड़ा चला जाए तो सबसे पहले शांत रहें और कान के अंदर कोई चीज डालकर उसे निकालने की कोशिश न करें। मेयो क्लिनिक (Mayo Clinic) के मुताबिक अगर कान में गई चीज आसानी से दिखाई दे रही है और उसे सुरक्षित तरीके से पकड़ा जा सकता है, तब चिमटी की मदद से उसे धीरे से निकाला जा सकता है। लेकिन अगर वह दिखाई नहीं दे रही है या उसे निकालना आसान नहीं है तो बार बार कोशिश नहीं करनी चाहिए। बार बार निकालने की कोशिश से कान में चोट और इंफेक्शन का खतरा बढ़ सकता है।
मेयो क्लिनिक (Mayo Clinic) के अनुसार, अगर कान में कोई बाहरी चीज चली गई है तो उसे पानी से निकालने की कोशिश तभी करनी चाहिए, जब कान के पर्दे में छेद न हो और कान में ट्यूब न लगी हो। इसके लिए सिरिंज और गुनगुने पानी का इस्तेमाल किया जा सकता है। हालांकि, खाने या पौधे से जुड़ी चीज कान में फंसी हो तो उसे निकालने के लिए पानी का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। इसके अलावा अगर कान में कीड़ा चला गया है तो सिर को इस तरह झुकाएं कि जिस कान में कीड़ा गया है, वह ऊपर की तरफ रहे। इसके बाद कान में हल्का गुनगुना, लेकिन गर्म नहीं, तेल डाला जा सकता है। इसके लिए मिनरल ऑयल, ऑलिव ऑयल या बेबी ऑयल का इस्तेमाल किया जा सकता है। इससे कीड़ा तैरकर बाहर आ सकता है। हालांकि, अगर कान के पर्दे में छेद होने का शक है या कान में ट्यूब लगी है तो तेल का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए।
कीड़ा निकालने के लिए कॉटन बड, माचिस, पेन, उंगली या कोई दूसरी चीज कान के अंदर डालना सही नहीं है। क्लीवलैंड क्लिनिक (Cleveland Clinic) के अनुसार ऐसी चीजों से कान की नली में चोट लग सकती है और कान के पर्दे को नुकसान पहुंच सकता है। इससे सुनने में परेशानी भी हो सकती है।
कान में कोई बाहरी चीज फंसने से दर्द, इंफेक्शन और सुनने में कमी जैसी परेशानी हो सकती है। क्लीवलैंड क्लिनिक (Cleveland Clinic) के अनुसार कान में फंसी बाहरी चीज कान में दर्द का एक कारण भी हो सकती है। कान में चोट लगने पर दर्द के साथ खून आना, सुनाई कम देना, कान में आवाज आना, चक्कर या संतुलन बिगड़ने जैसी दिक्कतें भी हो सकती हैं।
अगर कान से कीड़ा नहीं निकला है या निकलने के बाद भी एक बार यह पता लगाना हो कि सब ठीक है या नहीं, या अगर कान में तेज दर्द हो, खून आए, अचानक सुनाई कम देने लगे, चक्कर आए या संतुलन बिगड़ने लगे तो इसे हल्के में नहीं लेना चाहिए। डॉक्टर से संपर्क करना बेहतर है, क्योंकि बार बार निकालने की कोशिश से कान में चोट लग सकती है।
डिस्क्लेमरः इस लेख में दी गई जानकारी का उद्देश्य केवल रोगों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूकता लाना है। यह क्वालीफाइड मेडिकल ऑपिनियन का विकल्प नहीं है। लेकिन पाठकों को सलाह दी जाती है कि वह कोई भी दवा, उपचार या नुस्खे को अपनी मर्जी से ना आजमाएं बल्कि इस बारे में उस चिकित्सा पैथी से संबंधित एक्सपर्ट या डॉक्टर की सलाह जरूर ले लें।
Updated on:
19 Sept 2026 12:22 pm
Published on:
19 Sept 2026 12:06 pm
