
Earworm: कोई नया या पुराना गाना सुनने के बाद आपके साथ भी कभी न कभी ऐसा हुआ होगा कि एक लाइन अचानक दिमाग में आई और फिर घंटों तक चलती रही। आप काम कर रहे हों, खाना खा रहे हों या सोने की कोशिश कर रहे हों, लेकिन वही धुन चलती रहती है। आइए जानते हैं कि ऐसा क्यों होता है और इससे छुटकारा पाने के लिए क्या कर सकते हैं।
क्लीवलैंड क्लिनिक (Cleveland Clinic) के अनुसार, अर्नवर्म ऐसे गाने को कहते हैं जो दिमाग में रिपीट मोड में चलते रहते है। ये नाम जर्मन शब्द "ओह्रवुर्म" (Ohrwurm) से आया है। साइंटिफिक भाषा में इसे इनवॉलंटरी म्यूजिकल इमेजरी (Involuntary Musical Imagery, INMI) कहा जाता है। ज्यादातर मामलों में गाने का सिर्फ 15 से 30 सेकंड का हिस्सा चलता रहता है, जो अक्सर गाने का हुक या वो कोरस होता है जिसे आप बिना सोचे गुनगुना सकते हैं।
Cleveland Clinic के अनुसार, दिमाग की वर्किंग मेमोरी से जुड़ा फोनोलॉजिकल लूप (Phonological Loop) अर्नवर्म में अहम भूमिका निभाता है। यह दिमाग के ऑडिटरी कॉर्टेक्स को यादों और भावनाओं से जुड़े हिस्सों से जोड़ता है। ऐसे में कोई शब्द, आवाज, तस्वीर या स्वाद किसी पुरानी याद से जुड़कर गाने की धुन को दिमाग में दोबारा सक्रिय कर सकता है।
जिन गानों में बार-बार दोहराव होता है, जिनकी धुन आसान लेकिन अलग पहचान वाली होती है और जो ज्यादा पॉपुलर होते हैं, वे दिमाग में ज्यादा अटकते हैं।
अर्नवर्म को कम करने के लिए आप पूरा गाना सुन सकते हैं, क्योंकि अर्नवर्म गाने का सिर्फ छोटा हिस्सा होता है, इसलिए पूरा गाना सुनने से वो अटका हुआ हिस्सा छूट सकता है। इसके साथ अपनी प्लेलिस्ट शफल करके कोई दूसरा गाना सुनें। इसके अलावा अपना ध्यान दूसरी तरफ लगाएं, जैसे कोई मूवी देखें, टहलने जाएं, किसी से फोन पर बात करें या पजल हल करें। इससे बचने के लिए च्युइंग गम भी चबा सकते हैं।
डिस्क्लेमर: यह लेख इंटरनेट पर उपलब्ध जानकारी के आधार पर केवल सामान्य जानकारी के लिए लिखा गया है। यह किसी डॉक्टर या मेंटल हेल्थ एक्सपर्ट की सलाह का विकल्प नहीं है।