
Edamame Health Benefits: आजकल लोग अपनी डाइट में ऐसी चीजें शामिल करना पसंद करते हैं, जो स्वाद के साथ शरीर को जरूरी पोषक तत्व भी दें। एडामेमे भी ऐसा ही एक हेल्दी फूड है, जिसमें प्रोटीन और फाइबर के साथ कई जरूरी विटामिन और मिनरल्स पाए जाते हैं। देखने में यह हरी फलियों जैसा लगता है, लेकिन असल में यह पूरी तरह पकने से पहले तोड़ी गई सोयाबीन होती है। इसी वजह से एडामेमे को हेल्दी स्नैक के तौर पर काफी पसंद किया जा रहा है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि इसे खाने से शरीर को क्या फायदे हो सकते हैं और किन लोगों को इसे खाने में सावधानी रखनी चाहिए? आइए जानते हैं।
हेल्थलाइन (Healthline) के अनुसार, एडामेमे पौधों से मिलने वाले प्रोटीन का अच्छा सोर्स है। इसमें शरीर के लिए जरूरी सभी अमीनो एसिड पाए जाते हैं, इसलिए इसे कंप्लीट प्रोटीन माना जाता है। वहीं क्लीवलैंड क्लिनिक (Cleveland Clinic) के अनुसार, एडामेमे में मौजूद फाइबर पाचन और आंतों की सेहत के लिए फायदेमंद हो सकता है। यह पेट को साफ रखने में मदद कर सकता है और आंतों में मौजूद अच्छे बैक्टीरिया के लिए भी फायदेमंद होता है।
हेल्थलाइन (Healthline) के अनुसार, एडामेमे में प्रोटीन, फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं। कुछ रिसर्च में सोया प्रोटीन खाने और खराब कोलेस्ट्रॉल यानी एलडीएल के कम होने के बीच संबंध पाया गया है। एक मेटा एनालिसिस में रोजाना औसतन 25 ग्राम सोया प्रोटीन लेने पर एलडीएल कोलेस्ट्रॉल में करीब 3 से 4 प्रतिशत की कमी देखी गई। वहीं क्लीवलैंड क्लिनिक (Cleveland Clinic) के अनुसार, एडामेमे में मौजूद फाइटोस्टेरॉल शरीर में कोलेस्ट्रॉल के अब्जॉर्ब होने को कम करने में मदद कर सकते हैं।
हेल्थलाइन (Healthline) के अनुसार, एडामेमे में प्रोटीन और फाइबर अच्छी मात्रा में होता है और इसका ग्लाइसेमिक इंडेक्स कम होता है। ऐसे फूड ब्लड शुगर को अचानक बढ़ने से रोकने में मदद कर सकते हैं। क्लीवलैंड क्लिनिक (Cleveland Clinic) के अनुसार, एडामेमे में मौजूद प्रोटीन और फाइबर पाचन की स्पीड को धीमा करने में मदद कर सकते हैं। इससे खाना खाने के बाद ब्लड शुगर तेजी से बढ़ने की संभावना कम हो सकती है। इसी वजह से एडामेमे टाइप 2 डायबिटीज वाले लोगों के लिए भी अच्छा ऑप्शन हो सकता है।
हेल्थलाइन (Healthline) के अनुसार, एडामेमे में आइसोफ्लेवोन पाए जाते हैं। कुछ रिसर्च में सोया और आइसोफ्लेवोन खाने को मेनोपॉज के दौरान होने वाली कुछ परेशानियों में कमी से जोड़ा गया है।
क्लीवलैंड क्लिनिक (Cleveland Clinic) के अनुसार, जिन लोगों को सोया से एलर्जी है, उन्हें एडामेमे नहीं खाना चाहिए। इसके अलावा, थायरॉइड की दवा लेने वाले लोगों को भी सेवन करने से पहले डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए।
डिस्क्लेमर: यह लेख इंटरनेट पर उपलब्ध जानकारी के आधार पर लिखा गया है। सोयाबीन से एलर्जी या कोई बीमारी होने पर एडामेमे को डाइट में शामिल करने से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लें।