
Veg Biryani बनाने के ट्रिक्स (representative image) image credit Gemini
Instant Veg Biryani Recipe: वेज बिरयानी का नाम सुनते ही ज्यादातर लोग इसे पुलाव समझ लेते हैं, लेकिन अगर कुछ जरूरी टिप्स और ट्रिक्स को फॉलो करके इसे बनाया जाए, तो वेज बिरयानी का स्वाद भी नॉनवेज बिरयानी जैसा शानदार हो सकता है। आइए जानते हैं वेज बिरयानी बनाते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए, जिससे इसका स्वाद अच्छा आने के साथ ही चावल भी खिले खिले रहें।
आलू को दही, फ्राई किए हुए प्याज, हरी मिर्च, अदरक लहसुन का पेस्ट, धनिया, जीरा पाउडर, देगी मिर्च, नमक, तेज पत्ता, दालचीनी और पुदीने के साथ मैरिनेट करें। वहीं, पनीर को नमक, धनिया पाउडर, देगी मिर्च और थोड़े तेल के साथ अलग से मैरिनेट करें। इसके साथ ही ध्यान रखें, पनीर को आलू के साथ पहले से न पकाएं, वरना वह टूट सकता है। वहीं चावल को करीब 30 मिनट पानी में भिगोकर रखें। इसके बाद नमक, घी और खड़े मसालों वाले उबलते पानी में चावल पकाएं। चावल को पूरी तरह न पकाएं, उसमें हल्की बाइट रहनी चाहिए। चावल को ठंडा न करें, बिरयानी की लेयरिंग के लिए गरम चावल का ही इस्तेमाल करें।
मैरिनेट किए हुए आलू को मसाले के साथ करीब 90 प्रतिशत तक पकाएं। इसके बाद आलू, पनीर और गरम चावल की लेयर लगाएं। ऊपर से फ्राई किया हुआ प्याज, धनिया, पुदीना और केसर डालें। बिरयानी को ढककर धीमी आंच पर 12 से 15 मिनट पकाएं। गैस बंद करने के बाद इसे करीब 5 मिनट ढका रहने दें। बिरयानी खोलने के तुरंत बाद उसे न चलाएं। पहले भाप निकलने दें, फिर चावल को नीचे से ऊपर की तरफ हल्के हाथ से खोलें। इससे चावल टूटेंगे नहीं और नीचे का मसाला भी अच्छी तरह ऊपर तक आएगा।
बिरयानी के लिए प्याज को बराबर मोटाई में काटें। प्याज को हल्के गर्म तेल में तलें और गहरा भूरा होने से पहले निकाल लें, क्योंकि तेल से बाहर आने के बाद भी प्याज अपने तापमान से पकता रहता है और ज्यादा गहरा हो सकता है। प्याज के तेल को बचाकर रखें, क्योंकि यही तेल बिरयानी के स्वाद को बेहतर करता है। इसके अलावा सब्जियों में फ्राई प्याज, प्याज का तेल, दही, पुदीना, मटर, नमक, हरी मिर्च, लाल मिर्च, हल्दी, धनिया पाउडर, धनिया और अदरक लहसुन का पेस्ट डालकर मैरिनेट करें।
कुकर में घी और तेज पत्ता, दालचीनी, लौंग और इलायची जैसे खड़े मसाले डालें। इसके बाद मैरिनेट की हुई सब्जियां डालकर करीब 50 प्रतिशत तक पकाएं। फिर पुदीना और 30 मिनट भिगोए हुए चावल डालें। 3 कप चावल के लिए करीब 4.5 कप गरम पानी डालें। ऊपर से फ्राई प्याज, हरी मिर्च और गरम मसाला या बिरयानी मसाला डालें। कुकर बंद करके सिर्फ एक सीटी आने दें और गैस बंद कर दें। इसके बाद करीब 15 मिनट तक कुकर न खोलें। खोलने के बाद नीचे का चावल ऊपर और ऊपर का चावल नीचे की तरफ हल्के हाथ से पलट दें, ताकि नीचे का ज्यादा पका चावल भाप ले सके और ऊपर का कच्चा चावल बची हुई गर्मी में पक जाए। इसके बाद बिरयानी को करीब 10 मिनट ढककर रखें।
Updated on:
15 Sept 2026 04:58 pm
Published on:
15 Sept 2026 04:54 pm
