Golden Globes 2026: गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड्स 2026 की रेड कार्पेट पर जैसे ही सेलेना गोमेज अपने पति बेनी ब्लैंको के साथ पहुंचीं, हर कैमरे की नजर उन्हीं पर टिक गई। आत्मविश्वास, शालीनता और क्लासिक एलिगेंस से भरे उनके अंदाज ने एक बार फिर साबित कर दिया कि उन्हें यूं ही ‘रेड कार्पेट क्वीन’ नहीं कहा जाता।
Golden Globes 2026: गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड्स के रेड कार्पेट पर इस साल ब्लैक गाउन्स और ओल्ड हॉलीवुड ग्लैमर का बोलबाला रहा, लेकिन सेलेना गोमेज ने अपनी मौजूदगी से पूरी महफिल लूट ली। 300 घंटे से ज्यादा की बारीक कारीगरी से तैयार उनकी खास ड्रेस गोल्डन ग्लोब्स की सबसे चर्चित आउटफिट बन गई। एलिगेंस, क्लास और हाई फैशन का यह मेल सेलेना के लुक को शोस्टॉपर बनाने के लिए काफी था।
इस खास शाम के लिए सेलेना ने फ्रेंच फैशन हाउस शनेल का ब्लैक वेलवेट गाउन चुना। यह कोई साधारण ड्रेस नहीं थी, बल्कि कारीगरी और धैर्य से रची गई एक खूबसूरत कलाकृति थी। गाउन की सादगी में छुपी भव्यता ने सेलेना के लुक को बेहद क्लासिक बना दिया।
इस गाउन को तैयार करने में कुल 323 घंटे लगे। इसकी सबसे खास बात थी हाथ से की गई बारीक कारीगरी। गाउन के ऊपरी हिस्से पर 200 से ज्यादा छोटे-छोटे हाथ से बने फूल और पंख बेहद सावधानी से लगाए गए थे। जिस तरह पारंपरिक भारतीय परिधानों में महीन कढ़ाई और पैचवर्क किया जाता है, उसी तरह इस ड्रेस में भी हर एक डिटेल पर खास ध्यान दिया गया। यही वजह है कि इसे तैयार करने में इतना वक्त लगा और नतीजा वाकई देखने लायक रहा।
सितंबर 2025 में निजी समारोह में शादी करने के बाद यह पहली बार था जब सेलेना और बेनी किसी बड़े अवॉर्ड शो के रेड कार्पेट पर साथ नजर आए। दोनों की केमिस्ट्री और सादगी ने इस पल को और खास बना दिया। इससे पहले भी दोनों गोल्डन ग्लोब्स में साथ दिखे थे, लेकिन तब वे पति-पत्नी नहीं थे।
डिजाइनर मैथ्यू ब्लेजी द्वारा तैयार किया गया यह गाउन सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। सेलेना की तस्वीरें सामने आते ही फैंस ने उन्हें ‘परी’ कहना शुरू कर दिया। वहीं फैशन एक्सपर्ट्स ने इस लुक को ‘ओल्ड हॉलीवुड ग्लैमर’ की खूबसूरत वापसी बताया। यह वही दौर था जब हॉलीवुड सितारे अपनी सादगी, शालीनता और रॉयल अंदाज के लिए पहचाने जाते थे।