
Is It Safe to Put Hot Food in the Fridge: बचे हुए खाने को फ्रिज में रखकर बाद में खाना ज्यादातर घरों में आम बात है। इससे खाना बर्बाद होने से बचता है और समय भी बचता है। लेकिन क्या गर्म खाना सीधे फ्रिज में रखा जा सकता है, इसे कितनी देर के अंदर फ्रिज में रखना चाहिए और फ्रिज में रखा खाना कितने समय तक सुरक्षित रहता है, इन बातों पर अक्सर लोग ध्यान नहीं देते हैं। ऐसे में आइए जानते हैं गर्म और बचे हुए खाने को फ्रिज में रखने का सही तरीका क्या है।
हेल्थलाइन (Healthline) के अनुसार, कम मात्रा में गर्म खाना सीधे फ्रिज में रखा जा सकता है। इसमें एक या दो सर्विंग जितना खाना शामिल हो सकता है। लेकिन अगर खाना बहुत ज्यादा मात्रा में है, तो उसे एक बड़े और गहरे बर्तन में सीधे फ्रिज में रखना सही तरीका नहीं है। इससे खाना धीरे ठंडा हो सकता है और फ्रिज के अंदर आसपास रखे दूसरे खाने का तापमान भी बढ़ सकता है। इसलिए सूप, दाल या स्टू जैसी ज्यादा मात्रा वाली डिश को छोटे कंटेनर में बांटकर फ्रिज में रखना बेहतर होता है।
हेल्थलाइन (Healthline) के अनुसार, बचे हुए खाने को पकाने या गर्म रखने वाले उपकरण से हटाने के बाद 2 घंटे के अंदर फ्रिज में रख देना चाहिए। अगर बाहर का तापमान 32 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा है तो यह समय 1 घंटे का हो सकता है। इसलिए खाना पूरी तरह ठंडा होने का लंबे समय तक इंतजार करने के बजाय उसे सुरक्षित तरीके से जल्दी ठंडा करके फ्रिज में रखना बेहतर है।
हेल्थलाइन (Healthline) के अनुसार, बचे हुए खाने की सुरक्षित अवधि इस बात पर निर्भर करती है कि वह किस तरह का खाना है और उसे किस तरह स्टोर किया गया है। पकी हुई सब्जियां एयरटाइट कंटेनर में आमतौर पर 3 से 7 दिन तक रखी जा सकती हैं। पका हुआ पास्ता और जौ या क्विनोआ जैसे अनाज करीब 3 दिन तक रखे जा सकते हैं। सूप और स्टू आमतौर पर 3 से 4 दिन तक फ्रिज में रखे जा सकते हैं। मांस और पोल्ट्री की अवधि उसके प्रकार के अनुसार अलग हो सकती है। अगर खाने को लेकर कोई संदेह हो तो उसे 3 दिन के अंदर इस्तेमाल करना या फेंक देना बेहतर है।
हेल्थलाइन (Healthline) के अनुसार, पके हुए चावल को स्टोर करते समय थोड़ी ज्यादा सावधानी की जरूरत होती है। चावल में बैसिलस सेरियस (Bacillus cereus) नामक बैक्टीरिया के बीजाणु हो सकते हैं, जो ऐसे टॉक्सिन बना सकते हैं जिनसे फूडबोर्न बीमारी हो सकती है। इसलिए पके हुए चावल को पकाने के 1 घंटे के अंदर ठंडा करके फ्रिज में रख देना चाहिए और इसे 24 घंटे के अंदर इस्तेमाल कर लेना चाहिए।
हेल्थलाइन (Healthline) के अनुसार, गर्म या बचा हुआ खाना छोटे और कम गहराई वाले एयरटाइट कंटेनर में रखना बेहतर होता है। इससे खाना जल्दी ठंडा होता है। इसके साथ ही फ्रिज में तैयार खाने को ऊपर की शेल्फ पर रखा जा सकता है, जबकि कच्चे मांस और पोल्ट्री को नीचे रखना बेहतर होता है। इसके अलावा खाने के कंटेनर पर उसे बनाने की तारीख और समय लिखना भी मददगार हो सकता है, ताकि यह याद रहे कि खाना कब स्टोर किया गया था।
हेल्थलाइन (Healthline) के अनुसार, बचे हुए खाने को दोबारा खाते समय कम से कम 74 डिग्री सेल्सियस तक गर्म करना चाहिए। ग्रेवी और सॉस जैसी चीजों को अच्छी तरह गर्म करके उबाल आने तक गर्म कर सकते है। इससे खाने को सुरक्षित तापमान तक पहुंचाने में मदद मिलती है।
हेल्थलाइन (Healthline) के अनुसार, खाने में फफूंदी, रंग या बनावट में बदलाव, खराब गंध या चिपचिपी परत जैसे संकेत दिखाई दें तो उसे नहीं खाना चाहिए। लेकिन सिर्फ सूंघकर या देखकर यह तय नहीं किया जा सकता कि खाना पूरी तरह सुरक्षित है, क्योंकि कुछ हानिकारक बैक्टीरिया बिना गंध या दिखावट बदले भी मौजूद हो सकते हैं। इसलिए अगर खाने को लेकर संदेह है या वह जरूरत से ज्यादा समय से रखा है तो उसे खाने से परहेज करें।
हेल्थलाइन (Healthline) के अनुसार, गर्भवती महिलाओं, 65 साल से ज्यादा उम्र के लोगों और कमजोर इम्यून सिस्टम वाले लोगों को बचे हुए खाने को स्टोर करने और दोबारा खाने में खास सावधानी रखनी चाहिए। इन लोगों में फूड पॉइजनिंग का खतरा ज्यादा हो सकता है। इसलिए इनके लिए खाना सही तरीके से पकाना, समय पर फ्रिज में रखना और अच्छी तरह गर्म करके खाना खास तौर पर जरूरी है।