
Hair Loss Prevention Tips: कंघी करते समय या हेयर वॉश करने के बाद फर्श या कंघी पर पड़े बालों का गुच्छा देखकर ज्यादातर लोगों को ख्याल आता है कि कहीं यह किसी हेयर प्रॉब्लम की वजह से तो नहीं हो रहा है। ऐसे में आइए जानते हैं कि बालों का झड़ना कब नॉर्मल है, बालों को झड़ने से बचाने के लिए क्या कर सकते हैं और डॉक्टर के पास कब जाना चाहिए।
क्लीवलैंड क्लिनिक (Cleveland Clinic) के अनुसार, सिर पर एक समय में करीब 2,50,000 बाल होते हैं। इनमें से रोजाना औसतन 50 से 150 बालों का गिरना आम बात है। लेकिन यह बालों की लंबाई और घनेपन के हिसाब से अलग-अलग लोगों में अलग भी हो सकता है।
हेयर शेडिंग और हेयर लॉस दोनों एक नहीं होते हैं। हेयर शेडिंग बालों के चक्र का नॉर्मल हिस्सा है। इसमें पुराने बाल गिरते हैं और उनकी जगह नए बाल आते हैं। वहीं हेयर लॉस तब होता है जब गिरी हुई जगह पर बाल आना किसी वजह से बंद हो जाते हैं।
हफ्ते में कितनी बार बाल धोते हैं, इसका भी असर बालों के झड़ने पर पड़ता है। ऐसे में अगर आप रोज शैंपू और कंडीशनर करते हैं और बाल ज्यादा गिरते दिख रहे हैं, तो धोना कम कर सकते हैं। वहीं, अगर आप हफ्ते में एक बार से भी कम बाल धोते हैं, तो जमा हुई गंदगी की वजह से धोने वाले दिन बाल ज्यादा गिरे दिख सकते हैं। ऐसे में आप हेयर वॉश बढ़ा सकते हैं। आमतौर पर हफ्ते में एक से तीन बार बाल धोना सही माना जाता है, लेकिन आप अपने बालों के हिसाब से चुनें। इसके अलावा गर्म पानी के बदले गुनगुने पानी का इस्तेमाल हेयर वॉश के लिए करें।
अगर बाल सामान्य से बहुत ज्यादा गिर रहे हैं, बाल धीरे-धीरे पतले होते जा रहे हैं, सिर पर गंजे धब्बे बन रहे हैं, मांग (पार्टिंग) चौड़ी होती जा रही है, माथे की तरफ से हेयरलाइन पीछे खिसक रही है, नहाने के काफी देर बाद भी लगातार बाल गिर रहे हैं, कपड़ों पर या तकिए पर अचानक बहुत सारे बाल दिख रहे हैं, या एक-दो दिन के अंदर बालों के गुच्छे निकल आए तो डर्मेटोलॉजिस्ट से संपर्क करें।
डिस्क्लेमर: यह लेख इंटरनेट पर उपलब्ध जानकारी के आधार पर केवल सामान्य जानकारी के लिए लिखा गया है। यह डॉक्टर की सलाह या इलाज का विकल्प नहीं है। बालों से जुड़ी कोई भी परेशानी होने पर डर्मेटोलॉजिस्ट से संपर्क करें।