लाइफस्टाइल

महंगा परफ्यूम लगाने के बाद भी नहीं टिकती खुशबू? सही जगह स्प्रे करने से लेकर स्टोर करने तक जानें टिप्स 

Perfume Tips: परफ्यूम की खुशबू लंबे समय तक बनाए रखने के लिए क्या करें और किन गलतियों से बचें? आइए जानते हैं परफ्यूम लगाने का सही तरीका और खुशबू को लंबे समय तक टिकाने के कुछ आसान और काम आने वाले टिप्स।
3 min read
• •
Updated: 25 Oct 2026, 11:39 AM IST
Perfume Tips
Perfume Tips (Representative Image) Image Credit Magnific

How to Apply Perfume:  त्योहार हो, कोई फंक्शन हो या रोजाना ऑफिस जाना, तैयार होते समय ज्यादातर लोग कपड़ों, मेकअप और हेयरस्टाइल पर तो ध्यान देते हैं, लेकिन परफ्यूम लगाने के तरीके को अक्सर नजरअंदाज कर देते हैं। ऐसे में कई बार अच्छा और महंगा परफ्यूम लगाने के कुछ घंटे बाद ही उसकी खुशबू कम महसूस होने लगती है। फिर खुशबू बनाए रखने के लिए बार-बार स्प्रे करना पड़ता है। परफ्यूम की खुशबू कितनी देर तक बनी रहेगी, यह सिर्फ उसकी कीमत पर निर्भर नहीं करता। इसे लगाने का तरीका और परफ्यूम की खुशबू की स्ट्रेंथ भी मायने रखती है। आइए जानते हैं कुछ आसान टिप्स, जिन्हें अपनाकर आप अपनी पसंदीदा खुशबू का बेहतर तरीके से आनंद ले सकते हैं।

परफ्यूम से पहले लगाएं बॉडी लोशन

अगर आपकी स्किन ड्राई रहती है और परफ्यूम की खुशबू जल्दी कम हो जाती है, तो इसे लगाने से पहले बिना खुशबू वाला बॉडी लोशन लगाएं। लोशन को स्किन में अच्छी तरह सोखने दें और फिर परफ्यूम स्प्रे करें। मॉइस्चराइज्ड स्किन पर खुशबू ज्यादा देर तक टिकने में मदद मिल सकती है। हालांकि, इसका असर हर व्यक्ति और परफ्यूम के हिसाब से अलग हो सकता है।

कलाई ही नहीं, इन जगहों पर भी लगाएं परफ्यूम

अक्सर लोग परफ्यूम सिर्फ कलाई और गर्दन पर लगाते हैं, लेकिन शरीर के कुछ दूसरे हिस्सों पर भी इसे लगाया जा सकता है। कलाई, गर्दन के पीछे ,कानों के पीछे,घुटनों के पीछे और कोहनी के अंदरूनी हिस्से जैसे गर्म हिस्सों पर परफ्यूम लगाने से खुशबू फैलने में मदद मिल सकती है।

स्प्रे करते समय रखें सही दूरी

परफ्यूम की बोतल को स्किन से बिल्कुल सटाकर स्प्रे करने पर एक ही जगह पर ज्यादा लिक्विड जमा हो सकता है। बोतल को स्किन से करीब 15 से 20 सेंटीमीटर दूर रखकर स्प्रे करना एक अच्छा तरीका है। इसके साथ ही एक साथ बहुत ज्यादा स्प्रे करने की जरूरत नहीं है। पहले थोड़ी मात्रा लगाएं और खुशबू को अपने आप सूखने दें। अगर जरूरत लगे, तभी थोड़ा और लगाएं। कितने स्प्रे करने चाहिए, यह परफ्यूम की स्ट्रेंथ और मौके पर भी निर्भर करता है।

परफ्यूम लगाने के बाद कलाई को आपस में न रगड़ें

परफ्यूम लगाने के तुरंत बाद दोनों कलाइयों को आपस में रगड़ना कई लोगों की आदत होती है। लेकिन ऐसा करने से घर्षण पैदा होता है, जो खुशबू के शुरुआती नोट्स को प्रभावित कर सकता है। इसलिए परफ्यूम लगाने के बाद उसे अपने आप सूखने दें।

खुशबू जल्दी फीकी पड़ती है तो इन बातों का भी रखें ध्यान

  • परफ्यूम की स्ट्रेंथ देखें: अलग-अलग तरह के परफ्यूम की खुशबू टिकने का समय अलग हो सकता है। आमतौर पर ज्यादा कंसंट्रेशन वाले परफ्यूम हल्की फ्रेगरेंस की तुलना में लंबे समय तक टिक सकते हैं। हालांकि, खुशबू की बनावट और स्किन भी इस पर असर डालती है।
  • बोतल को सही जगह रखें: परफ्यूम को सीधी धूप, ज्यादा गर्मी और नमी से दूर रखें। बाथरूम में तापमान और नमी बार-बार बदलती है, इसलिए इसे किसी ठंडी और सूखी जगह पर रखना बेहतर है।
  • बालों पर सामान्य परफ्यूम सीधे न लगाएं: इसमें मौजूद अल्कोहल बालों को ड्राई कर सकता है। बालों में खुशबू के लिए खास तौर पर बने हेयर मिस्ट का इस्तेमाल बेहतर विकल्प है।
  • जरूरत पड़ने पर दोबारा लगाएं: अगर शादी या पार्टी लंबे समय तक चलनी है, तो छोटा ट्रैवल साइज परफ्यूम साथ रख सकते हैं। खुशबू कम होने पर जरूरत के हिसाब से थोड़ी मात्रा दोबारा लगाएं।
  • बहुत ज्यादा स्प्रे न करें: कई बार हमारी नाक कुछ समय बाद अपनी ही परफ्यूम की खुशबू को कम महसूस करने लगती है। इसका मतलब यह नहीं कि खुशबू पूरी तरह गायब हो गई है। इसलिए बार-बार स्प्रे करने के बजाय थोड़ी देर इंतजार करें।
Updated on:
25 Oct 2026, 11:39 AM IST
Published on: