24 अक्टूबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

सर्दियों में त्वचा में होता है खिंचाव और रूखापन? नहाने से लेकर मॉइस्चराइजर लगाने तक इन 6 बातों का रखें ध्यान

Dry Skin Care Tips: सर्दियों में त्वचा की नमी बनाए रखने, ड्राई स्किन की परेशानी कम करने और त्वचा को मुलायम रखने के लिए किन बातों का ध्यान रखना चाहिए और किन गलतियों से बचना चाहिए, आइए जानते हैं इससे जुड़े टिप्स।
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

भारत

•

image

Priyambada yadav

•

Updated: 24 Oct 2026, 12:26 PM IST

Dry Skin Care Tips

सर्दियों के लिए Dry Skin Care Tips(Representative Image) Image Credit Magnific

Winter Skin Care Tips: सर्दियों में ठंडी हवा और वातावरण में नमी की कमी के कारण त्वचा रूखी और बेजान होने लगती है। कई बार चेहरा धोने के बाद त्वचा में खिंचाव महसूस होने के साथ ही हाथ-पैरों पर सफेद परत दिखाई देने लगती है। इससे कुछ लोगों को खुजली और त्वचा में जलन की परेशानी भी हो सकती है। ऐसे में त्वचा की सही देखभाल करना जरूरी है। आइए जानते हैं कि सर्दियों में ड्राई स्किन की परेशानी कम करने और त्वचा को मुलायम बनाए रखने के लिए क्या करना चाहिए और किन बातों से बचना चाहिए।

सर्दियों में ड्राई स्किन से बचने के लिए अपनाएं ये टिप्स

1. बहुत गर्म पानी से न नहाएं

सर्दियों में गर्म पानी से नहाना अच्छा लगता है, लेकिन बहुत गर्म पानी त्वचा में मौजूद प्राकृतिक तेलों को कम कर सकता है। इससे त्वचा की नमी कम होने लगती है और रूखापन बढ़ सकता है। इसलिए नहाने के लिए गुनगुने पानी का इस्तेमाल करें और कोशिश करें कि नहाने में 5 से 10 मिनट से ज्यादा समय न लगे। नहाने के बाद तौलिए से त्वचा को जोर से न रगड़ें। इसे हल्के हाथों से थपथपाकर सुखाएं और त्वचा के थोड़ा नम रहने पर ही मॉइस्चराइजर लगा लें।

2. मॉइस्चराइजर लगाना न भूलें

सर्दियों में त्वचा को मुलायम बनाए रखने के लिए नहाने या चेहरा धोने के तुरंत बाद, जब त्वचा थोड़ी नम हो, तब मॉइस्चराइजर लगाएं। इससे त्वचा में नमी बनाए रखने में मदद मिलती है। अगर आपकी त्वचा बहुत ज्यादा रूखी है, तो हल्के लोशन के बजाय क्रीम या ऑइंटमेंट आधारित मॉइस्चराइजर अधिक उपयोगी हो सकता है। इसके अलावा जरुरत पड़ने पर दिन में दोबारा भी मॉइस्चराइजर लगाएं।

3. बार-बार स्क्रब करने से बचें

अगर आपकी त्वचा रूखी है, तो बार-बार स्क्रब करने या एक्सफोलिएशन से बचना चाहिए। ऐसा करने से त्वचा में जलन, लालिमा और रूखापन बढ़ सकता है। इसके अलावा अगर त्वचा पर पपड़ी या रूखी परत दिखाई दे रही है, तो उसे रगड़कर हटाने की कोशिश न करें। इसकी जगह नियमित रूप से मॉइस्चराइजर लगाएं और त्वचा को ठीक होने का समय दें।

4. त्वचा के हिसाब से क्लींजर चुनें

चेहरा साफ करने के लिए ऐसा माइल्ड क्लींजर चुनें, जो त्वचा की प्राकृतिक नमी को ज्यादा कम न करे। तेज खुशबू वाले साबुन और ऐसे क्लींजर से बचें, जिनके इस्तेमाल के बाद त्वचा में खिंचाव, जलन या रूखापन महसूस होता है। अगर आपकी त्वचा बहुत ज्यादा रूखी है, तो जरूरत से ज्यादा बार चेहरा धोने से भी बचें।

5. सर्दियों में भी सनस्क्रीन लगाएं

कई लोगों को लगता है सर्दियों में सनस्क्रीन लगाने की जरूरत नहीं होती, लेकिन इस मौसम में भी सूर्य की अल्ट्रावायलेट यानी UV किरणें त्वचा को नुकसान पहुंचा सकती हैं। इसलिए दिन में बाहर निकलते समय SPF 30 या उससे अधिक वाला ब्रॉड स्पेक्ट्रम सनस्क्रीन लगाएं।

6. कमरे में नमी बनाए रखें

सर्दियों में हीटर चलाने या बहुत शुष्क वातावरण में रहने से त्वचा की नमी कम हो सकती है। इससे त्वचा का रूखापन और खिंचाव बढ़ सकता है। अगर आपके कमरे की हवा बहुत सूखी रहती है, तो ह्यूमिडिफायर का इस्तेमाल मददगार हो सकता है।

इन बातों का भी रखें ध्यान

सर्दियों में त्वचा को स्वस्थ रखने के लिए पर्याप्त पानी पिएं और ऐसे कपड़े पहनें, जो त्वचा पर ज्यादा रगड़ पैदा न करें। ऊनी कपड़ों से सीधे त्वचा पर खुजली या जलन होती है, तो अंदर सूती कपड़े पहन सकते हैं। अगर त्वचा का रूखापन लगातार बना रहता है, खुजली बहुत ज्यादा होती है, त्वचा फटने लगती है या घाव बनने लगते हैं, तो त्वचा विशेषज्ञ से सलाह लें।

डिस्क्लेमर: यह लेख इंटरनेट पर उपलब्ध जानकारी के आधार पर सामान्य जागरूकता के उद्देश्य से लिखा गया है। यह किसी भी मेडिकल सलाह का विकल्प नहीं है। त्वचा से जुड़ी परेशानी होने पर त्वचा विशेषज्ञ (डर्मेटोलॉजिस्ट) से सलाह लें।