लाइफस्टाइल

Beard Care Tips: दाढ़ी में होती है खुजली? ग्रूमिंग रूटीन में कर सकते हैं ये 7 बदलाव

Beard Care Tips: दाढ़ी में खुजली से बचने के लिए ग्रूमिंग रूटीन में किन-किन बातों का ध्यान रखना चाहिए और किन बातों से बचना चाहिए। आइए जानते हैं सफाई, ऑयलिंग और देखभाल से जुड़े जरूरी टिप्स।
3 min read
• •
Updated: 16 Nov 2026, 11:01 AM IST
Beard Care Tips
Beard Itching के लिए Tips (Representative Image) Image Credit Magnific

Beard Itching: आज के समय में कॉलेज या ऑफिस की वजह से ज्यादातर पुरुष क्लीन शेव या छोटी, ट्रिम की हुई दाढ़ी रखना पसंद करते हैं। लेकिन कुछ लोगों को लंबी दाढ़ी का स्टाइल पसंद होता है, तो कुछ शादी या किसी खास मौके के लिए दाढ़ी बढ़ाना चाहते हैं। ऐसे में परेशानी तब होती है जब दाढ़ी में या उसके आसपास की स्किन पर खुजली शुरू हो जाती है। इसके चलते कुछ लोग इतना परेशान हो जाते हैं कि वे दाढ़ी बढ़ाना छोड़ देते हैं। आइए जानते हैं कि दाढ़ी की खुजली से राहत पाने के लिए क्या करना चाहिए और किन गलतियों से बचना चाहिए।

दाढ़ी में खुजली से राहत पाने के लिए टिप्स

दाढ़ी साफ करें

खुजली कम करने के लिए दाढ़ी को हफ्ते में 2 से 3 बार माइल्ड बीयर्ड वॉश या हल्के फेस क्लींजर से धोएं। रोज साबुन या हार्ड शैम्पू लगाने से स्किन और ड्राई होती है, और खुजली घटने की बजाय बढ़ भी सकती है। इसलिए रोज धोने से बचें। साथ ही बहुत गर्म पानी की जगह गुनगुना या सामान्य पानी इस्तेमाल करें।

सही तरीके से सुखाएं

नहाने के बाद दाढ़ी को तौलिए से रगड़ें नहीं, हल्के हाथ से सुखाएं। इसके लिए आप चाहें तो ड्रायर को ठंडी या हल्की हीट पर रखकर भी सुखा सकते हैं।

मॉइस्चराइज करें

दाढ़ी में खुजली होने की एक बड़ी वजह ड्राइनेस भी हो सकती है। इसलिए नहाने के बाद बीयर्ड ऑयल की 3 से 5 बूंदें हथेली पर लें और पहले स्किन पर लगाएं, फिर बालों में फैलाएं। सिर्फ बालों के ऊपर लगाने की बजाय स्किन तक पहुंचाने की कोशिश करें। इसके लिए आप जोजोबा, आर्गन या बादाम जैसे हल्के तेल चुन सकते हैं। अगर आपको तेल सूट नहीं करता, तो अपनी स्किन टाइप के हिसाब से बिना खुशबू वाला हल्का फेस मॉइस्चराइजर या बीयर्ड बाम भी ट्राई कर सकते हैं।

ध्यान दें: कोई भी नया प्रोडक्ट लगाने से पहले पैच टेस्ट जरूर करें। पैच टेस्ट के दौरान अगर लाली, जलन या दाने आएं, तो उसे इस्तेमाल न करें।

कंघी और ट्रिमिंग भी करें

अगर आपकी दाढ़ी बड़ी है या आप उसे बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं, तो चौड़े दांतों वाली लकड़ी की कंघी से रोज दाढ़ी सुलझाएं। इससे डेड स्किन सेल्स निकलने के साथ ही बाल भी सीधे बढ़ते हैं। जिससे इनग्रोन हेयर के चांस कम होते हैं। साथ ही 3 से 4 हफ्ते में एक बार दाढ़ी के किनारे और स्प्लिट एंड्स को हल्का ट्रिम करवाते रहें। इसके अलावा खुजली होने पर नाखून से न खुजाएं। इससे स्किन छिल जाती है और इन्फेक्शन का खतरा बढ़ जाता है।

लाइफस्टाइल में करें सुधार

पानी कम पीने, नींद पूरी न होने और बहुत ज्यादा स्ट्रेस से स्किन खराब हो सकती है। इसलिए लाइफस्टाइल सुधारने के साथ ही खाने में दाल, अंडा, दूध-दही, हरी सब्जियां, मछली या नट्स जैसी चीजें शामिल करें। स्मोकिंग का भी स्किन और बालों पर बुरा असर पड़ता है, इसलिए इससे बचें।

घरेलू नुस्खों से रहें सावधान

कुछ घरेलू नुस्खे कई बार कुछ लोगों के काम आते हैं, लेकिन ये हर स्किन टाइप के लिए सही नहीं होते। इसलिए नींबू, सिरका या टूथपेस्ट जैसी चीजें स्किन पर लगाने से बचें।

सप्लीमेंट्स में जल्दबाजी न करें

अगर आप दाढ़ी बढ़ाने के लिए सप्लीमेंट्स लेने का सोच रहे हैं, तो सोशल मीडिया देखकर या खुद से न लें। डॉक्टर से सलाह लेने के बाद ही इनका सेवन करें।

डॉक्टर के पास कब जाना चाहिए?

दाढ़ी के नीचे पस वाले दाने या दर्द करने वाली गांठें, गोल या रिंग जैसे लाल पैच जो फैल रहे हों, जिस जगह खुजली हो रही है वहां से बाल झड़ना, सही केयर करने के बाद भी 4 हफ्ते से ज्यादा खुजली रहना, स्किन से पानी या खून निकलना, बहुत ज्यादा सूजन, या खुजली के साथ बुखार आना, इन लक्षणों में से कुछ भी दिखे तो स्किन स्पेशलिस्ट (डर्मेटोलॉजिस्ट) को दिखाना चाहिए।

डिस्क्लेमर: यह लेख इंटरनेट पर उपलब्ध जानकारी के आधार पर केवल सामान्य जानकारी के लिए लिखा गया है। यह किसी डॉक्टर की सलाह या इलाज का विकल्प नहीं है। दाढ़ी में खुजली या त्वचा से जुड़ी कोई भी परेशानी होने पर डर्मेटोलॉजिस्ट से संपर्क करें।

Updated on:
16 Nov 2026, 11:01 AM IST
Published on: