
How To Keep Spinach Green: सर्दियां आते ही बाजार में ताजा पालक मिलने लगता है, जिससे लोग पालक पनीर, साग और पराठे जैसी कई चीजें बनाते हैं। ये खाने में तो स्वादिष्ट लगती हैं, लेकिन बनाते समय कुछ बातों का ध्यान न रखने से पालक का रंग बदल जाता है। ऐसे में आइए जानते हैं कि पालक पकाते समय किन छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखना चाहिए।
पालक की पत्तियां बहुत नाजुक होती हैं और जल्दी गल जाती हैं। जितनी देर पालक आंच पर रहेगा, उसका रंग उतना ही फीका पड़ेगा। इसलिए जब भी सब्जी या साग बना रही हों, तो पालक को सबसे आखिर में डालें और पत्तियां को पकते ही आंच बंद कर दें। ओवरकुक करने से बचें।
हरी सब्जियों को ढककर पकाने से उनमें मौजूद एसिड भाप के साथ वहीं फंसा रह जाता है, जो रंग को फीका कर सकता है। इसलिए हरी सब्जियों को जहां तक हो सके बिना ढके पकाना बेहतर होता है।
पालक का रंग बनाए रखने का सबसे भरोसेमंद तरीका ब्लांचिंग है। इसके लिए पानी उबालें, उसमें पालक को करीब 1 मिनट के लिए डालें और तुरंत निकालकर बर्फ वाले ठंडे पानी में डाल दें। इससे पकना तुरंत रुक जाता है और रंग हरा बना रहता है। फिर पालक को निचोड़कर पीस लें या काट लें और सब्जी में डालें। पालक पनीर या पालक पराठा जैसी चीजों के लिए यह तरीका खासतौर पर काम आता है।
टमाटर, नींबू, दही, इमली और अमचूर जैसी खट्टी चीजें पालक का रंग बिगाड़ सकती हैं। इसलिए इन्हें शुरुआत में पालक के साथ पकाने के बजाय पहले मसाला भूनकर अलग तैयार कर लें। जब पालक पक जाए, तब उसे मसाले में मिलाएं और 1-2 मिनट बाद आंच बंद कर दें।
कई लोग पालक का रंग बचाने के लिए पानी में बेकिंग सोडा डाल देते हैं। इससे रंग तो हरा रहता है, लेकिन पालक जरूरत से ज्यादा गल जाता है और उसका टेक्सचर लिजलिजा हो सकता है।
अगर आप दाल पालक जैसी कोई भी डिश बना रही हैं, तो पालक को दाल में शुरुआत से उबालने के बजाय आखिर में डालें। इसके लिए दाल को पहले पूरी तरह पका लें और तड़का तैयार कर लें। फिर पालक डालकर 2-3 मिनट पकाएं और गैस बंद कर दें। इससे दाल में पालक का रंग भी हरा दिखता है और स्वाद भी ताजा रहता है।
पालक की सब्जी बच जाए, तो उसे पहले पूरी तरह ठंडा होने दें और फिर एयरटाइट डिब्बे में फ्रिज में रखें। दोबारा गर्म करते समय आंच धीमी रखें और बस उतनी ही देर गर्म करें जितनी देर में सब्जी गर्म हो जाए। बार-बार या ज्यादा देर तक गर्म करने से पालक का रंग और फीका पड़ सकता है।