
Gajar Ka Halwa (Representative Image) Image Credit Magnific and gemini
Gajar Ka Halwa Tips: सर्दियां आते ही बाजार में लाल गाजर दिखने लगती है। इससे लोग सलाद, मिक्स वेज, आलू-गाजर की सब्जी और गाजर के हलवे जैसी कई डिशेज बनाते हैं। मीठे में सबसे ज्यादा फेमस गाजर का हलवा है, जो खाने में टेस्टी लगने के साथ बनाने में भी आसान है। लेकिन इसे बनाने में समय ज्यादा लगता है, जिसे कुछ हैक्स फॉलो करके कम किया जा सकता है। हलवा बनाते समय सबसे ज्यादा परेशानी तब होती है जब दूध फट जाता है, जिससे हलवे का लुक और टेक्सचर दोनों बिगड़ जाते हैं। ऐसे में आइए जानते हैं इससे बचने के लिए क्या करना चाहिए।
गाजर हल्की खट्टी होती है, और एसिड के संपर्क में आने पर दूध फट सकता है। खासकर अगर दूध पुराना हो या आंच तेज हो, तो फटने का खतरा और बढ़ जाता है।
पुराना दूध जल्दी फटता है, इसलिए हलवे के लिए ताजा दूध इस्तेमाल करें। अगर दूध कई घंटे बाहर बिना गर्म किए रखा गया था या उसमें खटास की हल्की स्मेल आ रही है, तो उसे सीधे हलवे में डालने के बजाय पहले अलग से गर्म करके देख लें। अगर दूध गर्म करने पर ही फट जाए, तो उसे हलवे में न डालें।
हलवे के लिए फुल क्रीम दूध बेहतर रहता है। ज्यादा फैट वाला दूध फटने की संभावना घटाता है, जबकि टोन्ड या स्किम्ड दूध ज्यादा आसानी से फट जाता है। साथ ही फुल क्रीम दूध से हलवे का स्वाद भी ज्यादा रिच बनता है।
तेज आंच पर दूध जल्दी गर्म होता है और जल्दी फटता भी है। इसलिए गाजर का हलवा धीमी आंच पर ही पकाना चाहिए। इसके अलावा ध्यान दें, दूध कमरे के तापमान का हो या फ्रिज का ठंडा, उसे हलवे में डालने के बाद आंच धीमी ही रखें। साथ ही हो सके तो कड़ाही भारी तले की इस्तेमाल करें, क्योंकि इसमें दूध नीचे चिपककर जलता नहीं है। बीच-बीच में कलछी से चलाते रहें, ताकि नीचे कुछ न लगे। जब दूध सूख जाए तो तुरंत गैस बंद कर दें, ज्यादा देर आंच पर रखने से हलवा जल भी सकता है।
गाजर के हलवे में चीनी बहुत जल्दी डाल देने से हलवे में पानी छूटता है और हलवा पतला रह जाता है। यह दूध फटने की वजह तो नहीं है, पर हलवे के बिगड़ने की आम वजह जरूर है। इसलिए पहले गाजर को दूध में पकने दें और जब दूध अच्छे से कम हो जाए, तब चीनी डालें।
गाजर का हलवा बनाते समय दूध जितनी देर आंच पर रहेगा, थोड़ी सी गड़बड़ी होने पर हलवे के बिगड़ने के चांस उतने ही ज्यादा रहते हैं। ऐसे में अगर आपको हलवे के खराब होने का डर है, तो मावा या मिल्क पाउडर जैसी चीजों का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। लेकिन ध्यान दें, दूध में अच्छे से पकाने पर हलवे का टेस्ट ज्यादा अच्छा आता है। इसके अलावा कद्दूकस करने का समय बचाने के लिए आप गाजर को छोटे टुकड़ों में काटकर कुकर में दूध के साथ सीटी लगाकर गला सकते हैं। या फिर गाजर को चॉपर या मिक्सी में धीरे-धीरे चलाकर छोटे-छोटे टुकड़े करने के बाद भी इस्तेमाल कर सकते हैं।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
बड़ी खबरें
View Allलाइफस्टाइल
स्वास्थ्य




