
Idli Without Idli Maker: अगर आपके पास इडली स्टैंड नहीं है और आपको समझ में नहीं आ रहा कि इडली कैसे बनाएं, तो आपको परेशान होने की जरूरत नहीं है। आप घर में रोजाना इस्तेमाल होने वाले बर्तनों की मदद से भी बड़ी आसानी से सॉफ्ट और स्पंजी इडली बना सकते हैं। आइए जानते हैं कि घर के किन-किन बर्तनों का इस्तेमाल इडली स्टैंड की जगह किया जा सकता है।
अगर आपके पास इडली स्टैंड नहीं है, तो सबसे पहले चाय के पैन या दूध के पतीले में थोड़ा पानी गर्म करें। इसके अंदर नीचे एक प्लेट स्टैंड की तरह रख दें, ताकि कटोरी सीधे पानी में न डूबे। अब स्टील की कटोरियों में हल्का सा तेल लगाएं और उनमें इडली का बैटर भर दें। इन कटोरियों को प्लेट के ऊपर रखें और ढक्कन लगाकर करीब 15 मिनट तक स्टीम करें। इसके बाद इडली तैयार हो जाएगी।
अगर आपको चाय के पैन या दूध के पतीले के साइज की प्लेट नीचे स्टैंड की तरह रखने के लिए नहीं मिल रही है, तो आप ग्रीलर का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। इसे स्टैंड की तरह रखें और इसके ऊपर कटोरी में बैटर भरकर इडली बना सकते हैं।
अगर आपके पास कटोरी नहीं है या आप एक साथ ज्यादा इडली बनाना चाहते हैं, तो स्टील का गिलास भी इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए गिलास के अंदर थोड़ा तेल लगाकर उसमें बैटर भरें। अब कुकर में थोड़ा पानी डालें और गिलास को अंदर रख दें। कुकर का ढक्कन बंद करें, लेकिन सीटी न लगाएं। मध्यम आंच पर स्टीम करने के बाद इडली आसानी से तैयार हो जाएगी।
अगर आप छोटी इडली की जगह थट्टे इडली बनाना चाहते हैं या एक साथ ज्यादा इडली बनाना चाहते हैं, तो कढ़ाई का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए कढ़ाई में थोड़ा पानी गर्म करें और उसके अंदर कोई स्टैंड या प्लेट रख दें, ताकि इडली वाला बर्तन पानी से ऊपर रहे। अब प्लेट या कटोरी में तेल लगाकर बैटर डालें और उसे कढ़ाई में रखकर ढक्कन बंद कर दें। करीब 15 से 17 मिनट तक स्टीम करने के बाद इडली तैयार हो जाएगी।
अगर आपके घर में माइक्रोवेव है, तो उसमें भी आप इडली बना सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले माइक्रोवेव सेफ इडली मोल्ड या कटोरी में थोड़ा तेल लगाएं। बैटर में स्वादानुसार नमक मिलाकर मोल्ड में भर दें। एक कंटेनर में थोड़ा पानी डालें, उसमें मोल्ड रखें और ढक्कन बंद कर दें। हाई पावर पर करीब 4 मिनट तक माइक्रोवेव करें। बाहर निकालने के बाद 2 मिनट तक ऐसे ही रहने दें। इसके बाद इडली आसानी से निकल जाएगी।