
Wardrobe Organization Hacks: घर में वार्डरोब छोटा पड़ने पर लोग कपड़े टांगने या ज्यादा जगह बनाने के लिए वार्डरोब के दरवाजे, घर की दीवार या सीमेंट से बनी अलमारी में अपनी जरूरत के अनुसार हैंगर लगवा लेते हैं। लेकिन ज्यादातर लोग इसमें पैंट और जींस जैसे कपड़े और बैग टांगने का सही तरीका नहीं जानते। इसके चलते कपड़े एक-दूसरे के ऊपर आ जाते हैं। जरूरत के समय सही कपड़ा ढूंढना मुश्किल हो जाता है और कई बार कपड़ों पर निशान भी पड़ जाते हैं। ऐसे में अगर आप भी ऐसा करते हैं, तो यहां बताए गए टिप्स को फॉलो करके हैंगर में ज्यादा कपड़े टांग सकते हैं और उन्हें व्यवस्थित भी रख सकते हैं।
अगर आप पैंट, जींस या ऐसे कपड़े सीधे हैंगर पर टांगते हैं, तो वे एक-दूसरे में उलझ जाते हैं। इससे कपड़े ठीक से दिखाई नहीं देते और निकालते समय बाकी कपड़े भी नीचे गिरने लगते हैं। इसकी जगह सबसे पहले पैंट या जींस को अच्छी तरह सीधा कर लें। इसके बाद उसे बीच से फोल्ड कर लें। अब पीछे की तरफ बने बेल्ट लूप को हैंगर के हुक पर टांग दें। इस तरीके से कपड़ा अपनी जगह पर टिका रहता है और बाकी कपड़ों से नहीं उलझता।
शर्ट या टी शर्ट को हमेशा बटन बंद करके और अच्छी तरह सीधा करने के बाद पीछे लगे छोटे से लूप की मदद से हैंगर पर टांगें। इससे कपड़े अपनी शेप में रहते हैं और निकालते समय उन पर ज्यादा सिलवटें भी नहीं पड़तीं। अगर एक से ज्यादा शर्ट टांगनी हों, तो उन्हें रंग या इस्तेमाल के हिसाब से अलग-अलग रखें।
अगर आप कपड़ों के साथ हैंडबैग भी हैंगर पर टांगती हैं, तो इसके लिए रबर बैंड का इस्तेमाल कर सकती हैं। सबसे पहले एक मजबूत रबर बैंड को हैंडबैग के दोनों स्ट्रैप के बीच से निकालकर एक लूप बना लें। इसके बाद इस लूप को हैंगर पर टांग दें। इससे बैग अपनी जगह पर मजबूती से टिका रहता है, उसका आकार भी बना रहता है और जरूरत पड़ने पर उसे हैंगर से आसानी से उतारा भी जा सकता है।