21 जुलाई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

epaper_icon

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

Cleaning Tips: सुनार के पास जाने की नहीं पड़ेगी जरूरत, चाय पत्ती से घर पर ही साफ करें चांदी के गहने और बर्तन 

Silver Jewelry Cleaning At Home: चांदी के गहने या बर्तनों को अगर आप सुनार से साफ नहीं कराना चाहते हैं, तो यहां बताए गए आसान टिप्स अपनाकर उन्हें घर पर ही आसानी से साफ कर सकते हैं।
2 min read
Google source verification
Clean Silver Pooja Utensils, Chandi Ke Bartan Saaf Karne Ka Tarika,

Cleaning Tips/image credit youtube/@MaaYehKaiseKarun

Silver Cleaning Tips: रोजाना पहनने वाली चांदी की पायल, बिछिया या पूजा में इस्तेमाल होने वाले चांदी के बर्तन समय के साथ काले पड़ने लगते हैं। ऐसे में ज्यादातर लोग इन्हें साफ कराने के लिए सुनार के पास जाते हैं। लेकिन अगर आप सुनार के पास नहीं जाना चाहते, तो घर में मौजूद कुछ चीजों की मदद से घर पर ही साफ कर चांदी की चमक वापस ला सकते हैं। आइए जानते हैं घर पर चांदी के गहनों और पूजा के बर्तनों को साफ करने का आसान तरीका।

चाय पत्ती से करें चांदी की सफाई

चांदी के बर्तन या गहनों को साफ करने के लिए सबसे पहले एक बर्तन में पर्याप्त पानी उबालें। इसके बाद इसमें दो चम्मच चाय की पत्ती, थोड़ा सा डिशवॉश लिक्विड या कपड़े धोने वाला डिटर्जेंट और एक नींबू का रस मिला दें। आप चाहें तो इसमें नींबू के छिलके भी डाल सकते हैं। पानी उबलने के बाद अब इसमें एल्युमिनियम फॉयल का एक छोटा टुकड़ा और चांदी के गहनों को डालकर 3 से 5 मिनट तक उबलने दें। इसके बाद गैस बंद कर दें। पानी थोड़ा ठंडा होने पर गहनों को बाहर निकाल लें।

अब गहनों को नींबू के छिलके से हल्के हाथों से रगड़ कर साफ करने के बाद, ब्रश पर टूथपेस्ट लगाकर धीरे-धीरे साफ करें। आखिर में पानी से धोकर सूखे और साफ कपड़े से अच्छी तरह पोंछ लें। इससे गहनों पर जमी काली परत हटने लगती है और उनकी चमक वापस आने लगती है।

पूजा के बर्तन ऐसे करें साफ

पूजा में इस्तेमाल होने वाले चांदी के लोटे, कटोरी या दूसरे गंदे बर्तनों को साफ करने के लिए, सबसे पहले गर्म पानी में डिटर्जेंट मिलाकर कुछ देर के लिए रख दें। इसके बाद टूथपेस्ट लगाकर कपड़े से हल्के हाथों से रगड़ कर साफ करें और फिर साफ पानी से धो लें।

इन बातों का रखें ध्यान

अगर पायल, बिछिया या दूसरे चांदी के गहनों में मीनाकारी डिजाइन है, तो उन्हें ज्यादा देर तक गर्म पानी में न रखें। साथ ही, बहुत सख्त ब्रश का इस्तेमाल करने से बचें। हमेशा मुलायम ब्रश और हल्के हाथों से सफाई करें, ताकि गहनों की फिनिशिंग और मीनाकारी सुरक्षित रहे।

चांदी को लंबे समय तक चमकदार बनाने के लिए टिप्स

चांदी के गहनों और बर्तनों को इस्तेमाल या साफ करने के बाद पूरी तरह सुखाकर एयर-टाइट पॉलिथीन या बंद डिब्बे में रखें, ताकि उनका हवा से कम संपर्क हो। इससे चांदी जल्दी काली नहीं पड़ती और उसकी चमक लंबे समय तक बनी रह सकती है।