
Eyebrow Regrowth Tips: चेहरे का लुक कैसा होगा, इसमें आइब्रो भी अहम भूमिका निभाती हैं। पतली, चौड़ी या आर्च वाली आइब्रो चेहरे की खूबसूरती को अलग लुक देती हैं। लेकिन बार-बार प्लकिंग, वैक्सिंग या गलत तरीके से शेविंग करने के कारण कई बार आइब्रो जरूरत से ज्यादा पतली हो जाती हैं और कहीं-कहीं खाली जगह दिखने लगती है। ऐसे में लोग आइब्रो की दोबारा ग्रोथ के लिए सीरम, तेल या घरेलू नुस्खे आजमाने लगते हैं। आइए जानते हैं कि आइब्रो की दोबारा ग्रोथ संभव है या नहीं और इसके लिए क्या करना चाहिए और किन चीजों से बचना चाहिए।
क्लीवलैंड क्लिनिक के अनुसार, प्लकिंग, वैक्सिंग या शेविंग की वजह से पतली हुई आइब्रो ज्यादातर मामलों में कुछ महीनों में दोबारा आ सकती हैं, बस इसके लिए सही देखभाल और इंतजार करने की जरूरत होती है। लेकिन बार-बार या रोज प्लकिंग, वैक्सिंग और शेविंग करने से जड़ों को ज्यादा नुकसान हो सकता है, जिससे बाल दोबारा न उगने का खतरा बढ़ जाता है। इसके अलावा बढ़ती उम्र, थायरॉइड की समस्या, खून की कमी, आयरन, विटामिन डी, बायोटिन या जिंक की कमी के साथ ही एक्जिमा, फंगल इंफेक्शन या कुछ और स्किन की समस्याओं के चलते भी बाल कम हो सकते हैं।
बायोटिन या कोई और सप्लीमेंट, मिनॉक्सिडिल या ग्रोथ सीरम बिना डॉक्टर की सलाह के इस्तेमाल न करें। इसके अलावा केयर करने के बाद भी आइब्रो में फर्क न दिखे, या आइब्रो का अचानक बहुत ज्यादा झड़ना, बाहरी हिस्से का पतला होना, लालिमा, खुजली, पपड़ी या गंजे धब्बे दिखें, तो बिना देरी के डॉक्टर से संपर्क करें।
डिस्क्लेमर: यह लेख इंटरनेट पर उपलब्ध जानकारी के आधार पर केवल सामान्य जानकारी के लिए लिखा गया है। यह किसी डॉक्टर की सलाह या इलाज का विकल्प नहीं है। आइब्रो से जुड़ी कोई भी परेशानी होने पर डर्मेटोलॉजिस्ट से संपर्क करें।