लाइफस्टाइल

बिना ओवन-माइक्रोवेव के सर्दियों में जमाएं बाजार जैसी गाढ़ी दही, जानें आसान तरीके

Winter Curd Tips: सर्दियों में दही जमाने में अक्सर परेशानी होती है और कई बार रातभर रखने के बाद भी दूध नहीं जमता। ऐसे में बिना ओवन या माइक्रोवेव का इस्तेमाल किए घर पर गाढ़ी और मलाईदार दही कैसे जमा सकते हैं, आइए जानते हैं इससे जुड़े कुछ आसान टिप्स।
2 min read
• •
Updated: 25 Nov 2026, 3:58 PM IST
Winter Curd Tips
Winter में दही जमाने के लिए Tips (Representative Image) Image Credit Magnific

Winter Curd Tips: गर्मियों में जो दही कुछ ही घंटों में जम जाती है, वही सर्दियों में रातभर रखने के बाद भी नहीं जमती और दूध जैसी ही दिखती है। इसे जमाने के लिए लोग ओवन, माइक्रोवेव और कर्ड मेकर जैसे कई तरीके अपनाते हैं, जिससे बिजली का बिल बढ़ जाता है। इसी वजह से कुछ लोग इन दिनों बाजार से दही खरीदना ज्यादा पसंद करते हैं। ऐसे में आइए जानते हैं कि बिना ओवन या माइक्रोवेव चलाए सर्दियों में दही कैसे जमाई जा सकती है।

दूध को सही तापमान पर रखें

दही जमाने में सबसे जरूरी चीज दूध का तापमान है। दूध को उबालकर थोड़ा ठंडा होने दें और उसके बाद ही जामन डालें। दूध इतना गुनगुना होना चाहिए कि उंगली डालने पर जले नहीं और ठंडा भी न लगे। ज्यादा गर्म दूध में जामन डालने से दही में दाने पड़ सकते हैं और उसमें से पानी अलग हो सकता है।

जामन थोड़ा ज्यादा डालें

गर्मियों में थोड़े से जामन से भी दही जम जाती है, लेकिन सर्दियों में इसकी मात्रा बढ़ानी पड़ती है। आम तौर पर इसे गर्मी के मुकाबले करीब दोगुना रखा जाता है। जामन के लिए ताजा और गाढ़ी दही लें।

कैसरोल या थर्मोकोल बॉक्स में रखें

सर्दियों में दही जमाने का सबसे अच्छा जुगाड़ कैसरोल है। जामन मिला दूध कैसरोल में रखें और ढक्कन बंद कर दें। इससे अंदर की गर्मी ज्यादा देर तक बनी रहती है। चाहें तो कैसरोल में पहले थोड़ा गर्म पानी डालें और उसके अंदर दूध वाला बर्तन रखकर ढक्कन कसकर बंद कर दें। कैसरोल न हो तो थर्मोकोल का डिब्बा भी इसी तरह काम आ सकता है।

शॉल या कंबल में लपेटें

अगर घर में कैसरोल नहीं है, तो दही के बर्तन को ढक्कन लगाकर किसी शॉल, कंबल या मोटे तौलिये में अच्छे से लपेट दें। इससे बर्तन की गर्मी बाहर नहीं निकलती और दही जमने लायक तापमान बना रहता है। इसके अलावा आप चाहें तो शॉल में लपेटते समय बर्तन के पास गर्म पानी की बोतल भी रख सकते हैं, जिससे गर्मी ज्यादा देर तक बनी रहेगी।

बंद और गर्म जगह पर रखें

दही का बर्तन ऐसी जगह रखें जहां ठंडी हवा न लगे। बंद अलमारी, रसोई का बंद कैबिनेट या बंद माइक्रोवेव (उसे चालू किए बिना) इसके लिए ठीक रहते हैं। फ्रिज के ऊपर रखना भी एक विकल्प है। हीटर के पास रखना हो तो थोड़ी दूरी रखें, क्योंकि ज्यादा गर्मी से दही फट सकती है।

दही जमाने का समय और बाद की देखभाल का भी रखें ध्यान

सर्दियों में रात के बजाय दिन में दही जमाना आसान रहता है, क्योंकि दिन में तापमान थोड़ा बेहतर होता है। जामन डालने के बाद बर्तन को बार-बार खोलकर या हिलाकर न देखें। गर्मियों में जहां दही 4-5 घंटे में जम जाती है, वहीं सर्दियों में इसमें 5-6 घंटे या उससे ज्यादा समय भी लग सकता है।

इन गलतियों से बचें

  • गर्म दूध में जामन न डालें।
  • बहुत पुराना या खट्टा जामन इस्तेमाल न करें।
  • दही को बार-बार हिलाएं या खोलें नहीं।
  • दही को सीधे हीटर पर या बहुत गर्म जगह पर न रखें।
  • गाढ़ी और मलाईदार दही के लिए फुल-क्रीम दूध इस्तेमाल करें।
Updated on:
25 Nov 2026, 3:58 PM IST
Published on: